लोकसभा चुनावों को निष्पक्ष एवं बढ़िया तरीके से कराने के लिए प्रशासन की ओर से पूरी तैयारियां की गई हैं। जिले में 688 बूथ बनाए गए हैं। पोलिंग बूथों पर कड़ी निगाह रखी जाएगी। इसके लिए 300 माइक्रो आब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं।
यह सारे केंद्र सरकार के मुलाजिम होंगे। इन मुलाजिमों को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। ताकि किसी भी प्रकार की मुश्किल आने पर यह लोग आसानी से मामले को हल कर पाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी तजिंदर पाल सिंह सिद्धू ने बताया कि सभी पोलिंग स्टेशनों के लिए 50 सेक्शन अफसर नियुक्त किए जाएंगे। अति संवेदनशील 21 पोलिंग बूथों पर लाइव वेब कास्टिंग होगी। जिसके लिए जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। पोलिंग बूथों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
साथ ही सुरक्षा के पूरे इंतजाम रहेंगे। उन्होंने कहा कि स्वीप प्रोग्राम के तहत वोटरों को अपनी वोट के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष मुहिम शुरू की गई। इसके तहत नुक्कड़ नाटक, रैलियां आदि प्रोग्राम करवाकर वोटरों को अपनी वोट के प्रति जागरूक किया जाएगा।
पोलिंग बूथों पर गर्मियों के चलते पूरे इंतजाम किए जाएंगे। वहां पर लोगों को पीने के पानी और बैठने का इंतजाम रहेगा। उन्होंने बताया कि विधानसभा हलका मोहाली और खरड़ के मतों की गिनती फेज-छह स्थित शिवालिक पब्लिक स्कूल में होगी। जबकि हलका डेराबस्सी के मतों की गिनती राजपुरा में होगी।
उन्होंने बताया कि गिनती केंद्रों तीखी नजर रखी जाएगी। सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए जाएंगे। इस मौके पर एडीसी जनरल प्रवीन कुमार थिंद, एसडीएम लखमीर सिंह, सहायक कमिश्नर जनरल ट्रेनी डॉ. शुभदीप कौर, तहसीलदार चुनाव नरेश किरन, ट्रेनी तहसीलदार गुरजिंदर सिंह हाजिर थे।