पुलगांव अग्निकांड में हरियाणा के तीन जवान शहीद, शहीद रामचंद्र का फाइल फोटो
- फोटो : amar ujala
महाराष्ट्र के पुलगांव स्थित केंद्रीय आयुध भंडार में लगी आग में हरियाणा के तीन जवानों ने भी शहादत दी। इनमें गुड़ियानी के रणबीर, नयागांव के सतीश और नारनौल के मारोली के रामचंद्र शामिल हैं। इन जवानों के शहीद होने की खबर से रेवाड़ी और कोसली में शोक की लहर है। तीनों जवानों के परिवार वाले उनके पार्थिव शरीर लेने रवाना हो गए हैं। तीनों जवान डिफेंस सिक्योरिटी कोर (डीएससी) केंद्रीय आयुध डिपो (सीएडी) में तैनात थे।
कोसली के गुड़ियानी गांव के बीर सिंह के बेटे रणबीर (44) सेना से सेवानिवृत्ति के बाद डीएससी में भर्ती हुए थे। वह वर्तमान में पुलगांव के आयुध डिपो की सुरक्षा में तैनात थे। गांव के सरपंच ने बताया कि रणबीर की शहादत की सूचना से पूरा गांव शोकमग्न है। उनके परिवार के लोग शहीद का शव लेने गए हुए हैं।
नया गांव के सतीश सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद डीएससी में भर्ती हुए थे। पूर्व सरपंच अभय सिंह ने बताया कि सतीश पुलगांव आयुध डिपो पर तैनात थे। भीषण आग में उसके शहीद होने की सूचना मिली है। शव की पहचान नहीं होने के कारण परिजनों को वहां बुलवाया गया है। दोनों शवों के देर रात या सुबह तक आने की संभावना है।
नारनौल निजामपुर के मारोली गांव निवासी रामचंद्र के शहीद होने की खबर मिलते ही मारोली में शोक छा गया है। मृतक के भाई सुवाराम ने बताया कि रामचंद्र प्रजापत 2002-03 में डीएसी में भर्ती हुए थे। डिपो में आग लगने के बाद रामचंद्र के शहीद होने की सूचना मिली है। पार्थिव शरीर वीरवार को गांव पहुंचेगा। रामचंद्र के परिवार में मां मिश्री देवी, पत्नी कमलेश, तीन बेटी और एक साल का बेटा है।