घर में 50 करोड़ की फिरौती का पत्र फेंककर तीन नाबालिग लड़कियां घर से भाग गईं। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर सोमवार शाम को पुलिस ने तीनों को चंडीगढ़ में पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार तीनों लड़कियां सीरियल ‘कुमकुम भाग्य’ के किरदार अभि से मिलने के लिए घर से भागी थीं।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम को लुधियाना के दो पड़ोसी परिवारों को घर में चिट्ठियां पड़ी मिलीं। इनमें लिखा था कि ‘हा हा हा...तुम्हारी तीनों लड़कियां मेरे पास हैं..अगर तीनों लड़कियों की सलामती चाहते हो तो पुलिस को मत बताना और उन्हें छुड़ाने के लिए पचास करोड़ रुपये देना, पैसे कब, कहां और कैसे लाने हैं, वह हम आपको फोन पर बताएंगे।’ दोनों परिवारों ने शिकायत पुलिस को दी।
तीन नाबालिग लड़कियों का एक साथ लापता होना और 50 करोड़ फिरौती की रकम मांगने की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में डीसीपी ध्रुमण निंबले ने बताया कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को देकर विशेष टीमों का गठन किया गया। लड़कियों के परिवार इतने अमीर नहीं हैं कि वह 50 करोड़ दे सकें। ऐसे में इतनी बड़ी रकम मांगने की बात पुलिस को खटक गई।