एचडीएफसी बैंक में गन प्वाइंट पर लूट
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब विधानसभा की पोलिंग के एक दिन पहले जहां जिलेभर में पुलिस की ओर से जगह-जगह नाकाबंदी की जा रही थी तो इसी बीच बाइक सवार तीन लुटेरे नौशहरा पन्नूआ स्थित एचडीएफसी बैंक में गन प्वाइंट पर 29 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। लुटेरों ने बैंक के गार्ड की राइफल भी छीन ली। वारदात के बाद पहुंची पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा। चुनाव से एक दिन पहले लूट की वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर-राजस्थान राष्ट्रीय मार्ग स्थित कस्बा नौशहरा पन्नूआ में शनिवार को दोपहर के समय तीन लुटेरों ने जब बैंक में प्रवेश किया तो सुरक्षा गार्ड को सबसे पहले निशाने पर लिया। एक लुटेरे ने पिस्तौल का बट सुरक्षा गार्ड को मारा और लाइसेंसी राइफल छीन ली। इसके बाद तीनों लुटेरों ने बैंक के स्टाफ को गन प्वाइंट पर लेकर 29 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर की गई सुरक्षा-व्यवस्था के दौरान दिन दहाड़े लूट की वारदात से लोग सहमे हुए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन की कारगुजारी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
नाकेबंदी कर दबिश देने के आदेश
हालांकि, पुलिस स्टेशनों में पुलिसकर्मी नजर नहीं आ रहे हैं। थाना सरहाली कलां की बात करें तो यहां थाना प्रभारी के अलावा एक सब इंस्पेक्टर, दस एएसआई, सात कांस्टेबल और 14 होमगार्ड के जवान तैनात होते हैं। लेकिन चुनाव के मद्देनजर सारा अमला चुनावी ड्यूटी पर है। इस समय थाने में केवल एसएचओ, दो गनमैन, एक मुंशी, एक संतरी व दो होम गार्ड के जवान ही तैनात हैं। एचडीएफसी बैंक में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले लुटेरों की तलाश में सब डिवीजन पट्टी के डीएसपी मनिदरपाल सिंह ने नाकेबंदी कर दबिश देने के आदेश दिए हैं।
महिला कर्मचारी की सोने की चेन भी छीनी
इस संबंध में जानकारी देते हुए एचडीएफसी बैंक के मैनेजर ने बताया कि दोपहर को 2:00 बजे के करीब 3 हथियारबंद नकाबपोश युवकों ने बैंक में लूटपाट की। उन्होंने बताया कि दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन व्यक्ति जिन्होंने अपने मुंह पर मास्क लगा रखे थे। उन्होंने बैंक में अंदर दाखिल होते ही पिस्टल दिखाकर वहां पर तैनात गार्ड की बंदूक छीन ली। बाद में कैश काउंटर पर जाकर नकदी को एक बैग में भर लिया। मैनेजर ने बताया कि उक्त लुटेरों ने एक महिला कर्मचारी की सोने की चेन भी झपट ली और इसके अलावा कुछ कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए। जाते-जाते उक्त लुटेरे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी साथ में लेकर चले गए।