पंजाब में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों की सुरक्षा के लिए राज्य पुलिस के 20000 जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा गणतंत्र दिवस के दौरान जिलों में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए अलग-अलग जिलों में सीनियर पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। यह जानकारी मंगलवार को आईजी (पुलिस मुख्यालय) डॉ. सुखचैन सिंह गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
गौरतलब है कि इस बार पटियाला में राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित राष्ट्रीय ध्वज लहराएंगे जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान लुधियाना में राष्ट्रीय ध्वज लहराएंगे। पुलिस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आईजी डॉ. गिल ने बताया कि डीजीपी गौरव यादव निजी तौर पर गणतंत्र दिवस के सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी कर रहे हैं और इन पूरे सुरक्षा प्रबंधों के लिए डीजीपी (कानून-व्यवस्था) अर्पित शुक्ला को नोडल अफसर नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि स्पेशल डीजीपी/एडीजीपी/आईजीपी/ डीआईजी रैंक के सीनियर पुलिस अधिकारियों को अलग-अलग जिलों में मौजूद रहकर सुरक्षा प्रबंधों की निजी तौर पर निगरानी करने को कहा गया है। इसके अलावा सभी गजटेड अफसरों और एसएचओ को भी गणतंत्र दिवस समारोह की समाप्ति तक फील्ड में रहने का आदेश दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब के लोगों को भी सचेत रहने की अपील करते हुए कहा कि अगर उन्हें कुछ भी संदेहपूर्ण लगता है तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करें। लोग 112 हेल्पलाइन नंबर पर पुलिस को सूचना दे सकते हैं।