प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि
- फोटो : iStock
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 12वीं किस्त सोमवार को जारी कर दी। इससे हरियाणा के 20 लाख किसानों को लाभ मिला है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लाइव इस कार्यक्रम को देखा। कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के करोड़ों किसानों को त्योहारी अवसर पर किस्त का तोहफा देने पर आभार जताया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पिछली 11 किस्तों में हरियाणा के किसानों को 3754.67 करोड़ की राशि प्राप्त हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2018 में किसानों की आय बढ़ाने के लिए सम्मान निधि योजना की शुरूआत की थी। इसके अंतर्गत छह हजार रुपये वार्षिक सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में तिमाही आधार पर उपलब्ध कराई जाती है।
किसानों को इस योजना से सीधे लाभ पहुंच रहा है। इस राशि के माध्यम से किसान अपने खेतों के लिए बीज, खाद व अन्य जरूरी चीजें खरीद सकते हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में 600 से ज्यादा पीएम किसान समृद्धि केंद्रों की शुरूआत करने पर उनका आभार जताया है। उन्होंने कहा कि आज देश के हर हिस्से का किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कृषक हितैषी नीतियों से लाभान्वित हो रहा है।