मतदान करते भूपेंद्र सिंह हुड्डा।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए हरियाणा से 195 डेलिगेट में से 193 मत पड़े। पूर्व मंत्री जयप्रकाश जेपी और विधायक डॉ. रघुबीर कादियान मतदान नहीं कर पाए। वहीं आदमपुर उपचुनाव में उम्मीदवार होने के कारण जेपी व्यस्त हैं। कादियान अस्वस्थ होने पर नहीं आ सके, डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी हुई है।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खरगे की तरफ से भूपेंद्र बूरा और दिव्यांशु बुद्धिराजा पोलिंग एजेंट रहे। शशि थरूर न तो हरियाणा के डेलिगेट से समर्थन मांगने आए न ही किसी को अपना एजेंट बना सके। हरियाणा से खरगे को ही अधिकतर मत मिले हैं। हुड्डा, सैलजा, किरण, रणदीप और कैप्टन अजय यादव का खेमा खरगे का ही समर्थन कर रहा है।
चंडीगढ़ कांग्रेस मुख्यालय में 182 डेलिगेट ने मतदान किया, 11 डेलिगेट ने दिल्ली और अन्य स्थान पर वोट डाले। राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कर्नाटक में मतदान किया। वह कर्नाटक प्रभारी होने के कारण राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त हैं। विधायक किरण चौधरी ने मुंबई में मतदान किया। वह अध्यक्ष पद चुनाव के लिए महाराष्ट्र प्रभारी का जिम्मा संभाल रही हैं। राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, अनिरुद्ध सिंह ने दिल्ली और एआईसीसी सचिव वीरेंद्र राठौड़ ने लखनऊ में मतदान किया।
उदयभान के साथ सैलजा ने मंच साझा किया
गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल जिलों के डेलिगेट भी दिल्ली एआईसीसी मुख्यालय में ही वोट डालने पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने चंडीगढ़ में सुबह साढ़े 11 बजे वोट डाला। उनके साथ प्रदेशाध्यक्ष उदयभान और अन्य डेलिगेट भी मौजूद रहे। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने भी चंडीगढ़ में ही मतदान किया।
उन्होंने प्रदेशध्यक्ष उदयभान के साथ मंच साझा करते हुए पत्रकारों से बातचीत भी की। उदयभान के प्रदेशाध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद यह पहला मौका रहा। वह पदभार ग्रहण करने देरी से पहुंचे थे, इसलिए सैलजा दिल्ली की फ्लाइट होने पर पहले निकल गई थीं। उसके बाद डेलिगेट की पहली बैठक में भी वह थोड़ी देरी से पहुंची थी। मतदान पीआरओ और एपीआरओ की मौजूदगी में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।