पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए हो रहे चुनाव में आज यानी शनिवार को सूबे के 1.98 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
विज्ञापन
शनिवार को राज्य में विभिन्न सियासी दलों और निर्दलीयों के रूप में चुनाव लड़ रहे 1145 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा। इसके साथ ही अमृतसर लोकसभा सीट के लिए भी शनिवार को ही मतदान होगा।
इस उपचुनाव में हलके के 13.80 लाख मतदाता नौ प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी वीके सिंह ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए शुक्रवार को सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और शाम तक चुनाव ड्यूटी के लिए नियुक्त 80 फीसदी कर्मचारी व अधिकारी निर्धारित हलकों में पहुंच गए हैं।
विज्ञापन
वीके सिंह के अनुसार पंजाब में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पंजाब पुलिस, बीएसएफ, सीआरपी के एक लाख जवान तैनात किए गए हैं। कुल 14,177 पोलिंग लोकेशन में 22634 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
45 फीसदी पुलिसकर्मियों ने पोस्टल बैलेट का किया प्रयोग
मतदान की तैयारी
- फोटो : अमर उजाला
एडीजीपी भावरा ने बताया कि सूबे में 96 फीसदी लाइसेंसी हथियार जमा करा लिए गए हैं। इसके अलावा बीते तीन महीनों के दौरान नकदी, शराब, सोना व ड्रग्स के रूप में 80 करोड़ रुपये की रिकवरी की गई है।
उन्होंने बताया कि सूबे से सभी थानों में पुलिसकर्मियों की तैनाती इस बार कंप्यूटर सॉफ्टवेयर के जरिए की गई है ताकि कोई भी पुलिसकर्मी अपने चुनाव क्षेत्र में ड्यूटी पर न हो।
45 फीसदी पुलिसकर्मियों ने पोस्टल बैलेट का किया प्रयोग
एडीजीपी वीके भावरा ने बताया कि चुनाव आयोग ने पंजाब में पहली बार पुलिसकर्मियों को अपना मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा प्रदान की है।
उन्होंने बताया कि 47000 पुलिसकर्मियों ने पोस्टल बैलेट के लिए निर्धारित फार्म-12 भरा था, जिनमें से 21000 पुलिसकर्मियों ने मताधिकार का प्रयोग किया। यह पोस्टल बैलेट का 45 फीसदी है।
मल्टीप्लेक्स, शॉपिंग मॉल बंद रहेंगे
चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पंजाब में शनिवार को मतदान के लिए शाम 5 बजे तक आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे ताकि उनके कर्मचारी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम 5 बजे तक राज्य में सभी मल्टीप्लेक्स और शापिंग मॉल भी बंद रहेंगे।