शहीद ऊधम सिंह का 79वां राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि समारोह श्रद्धापूर्वक मनाया गया। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह किसी बैठक में शामिल होने के चलते समारोह में नहीं आ सके। समारोह में तीन कैबिनेट मंत्री साधू सिंह धर्मसोत, विजयइंदर सिंगला और रजिया सुल्ताना समेत पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन लाला सिंह शामिल हुए।
कैबिनेट मंत्री धर्मसोत ने घोषणा की कि शहीद ऊधम सिंह की यादगार के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दो करोड़ 28 लाख रुपये मंजूर कर दिए हैं और जल्द ही एक करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी होगी। मंत्री विजयइंदर सिंगला ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा शहीदों का सम्मान किया है।
प्रधानमंत्री रहते हुए इंदिरा गांधी ने मुख्यमंत्री ज्ञानी जैल सिंह के कहने पर शहीद ऊधम सिंह की पवित्र अस्थियां लंदन से भारत मंगवाई थीं। पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन लाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास कुर्बानियों से भरा है और कांग्रेस ही पंजाब के हितों की रक्षा कर रही है।
उन्होंने बताया कि कैप्टन सरकार की ओर से सड़कों की दशा सुधारने के लिए दो हजार करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं। जबकि नहरी पुलों के लिए दो सौ करोड़ रुपये और अनाज मंडियों की दशा सुधारने के लिए साढे़ सात सौ करोड़ रुपये अलाट कर दिए गए हैं। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री रजिया सुल्ताना, पंजाब कांग्रेस की प्रवक्ता दामन बाजवा, धूरी के विधायक दलबीर सिंह गोल्डी, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजिंदर सिंह राजा, हरमन बाजवा, गीता शर्मा, घनश्याम कांसल, संजय गोयल और मुनीष सोनी मौजूद थे।