मनीमाजरा के शिवालिक गार्डन में क्रिकेट खेल रहे एक युवक पर सोमवार शाम अचानक बिजली गिर गई। हादसे में बुरी तरह झुलसने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मनीमाजरा के माड़ीवाला टाउन निवासी सोहेल (19) के रूप में हुई है। हादसा उस वक्त हुआ जब सोहेल बारिश के दौरान गार्डन में खड़ा होकर क्षेत्ररक्षण कर रहा था। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कर उसे परिजनों को सौंपा जाएगा।
सोमवार शाम 5.10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि शिवालिक गार्डन में एक युवक पर बिजली गिर गई है। एक राहगीर की मदद से सोहेल को मनीमाजरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को दिए बयान में सोहेल के पिता ने बताया कि वह मंडी में सब्जी बेचने का काम करते हैं। उनकी दो बेटियां और तीन बेटे थे।
सोमवार को वह अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने शिवालिक गार्डन गया था। इस बीच मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बताया गया कि क्रिकेट खेलने के दौरान सोहेल गार्डन में पानी के बीच खड़ा होकर क्षेत्ररक्षण कर रहा था। इस बची अचानक उस पर बिजली गिर गई। इससे वह बुरी तरह झुलस गया। वहां से गुजर रहे राहगीर जावेद ने अपनी मोटरसाइकिल से उसे मनीमाजारा के सरकारी अस्पताल ले गए। उधर, इस हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बहरहाल, पुलिस ने मामले में 174 सीआरपीसी के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुखना लेक पर बिजली गिरने से युवती की हुई थी मौत
बता दें कि इससे पहले अगस्त 2019 में तीन सहेलियों के साथ सुखना लेक पर घूमने आई डेराबस्सी निवासी तमन्ना (19) पर बिजली गई थी। इससे उसका सिर व पीठ झुलस गई थी। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। बता दें कि हादसा इतना दर्दनाक था कि बिजली गिरने से पेड़ की डालियां टूटने के साथ जमीन में गहरा गड्ढा हो गया था। वहीं, इस हादसे में उसकी सहेलियां बाल-बाल बच गईं थीं।