निगम ने क्वारंटीन टीमों की संख्या 3 से बढ़ाकर 9 की
नगर निगम को प्रशासन की ओर से संक्रमित लोगों को क्वारंटीन करने और बड़े संस्थानों को सील करने की जिम्मेदारी दी गई है। निगम ने संक्रमित मरीजों की संख्या को देखते हुए पांच माह पहले अपनी टीम की संख्या 3 कर दी थी लेकिन अब एक बार फिर शहर में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। ऐसे में वीरवार को निगम ने क्वारंटीन टीमों की संख्या तीन से बढ़ाकर 9 कर दी।
112 नंबर डायल करने के साथ एसडीएम, डीसी व नोडल अफसर को दे सकते हैं सूचना
कोरोना महामारी को देखते हुए आपको कहीं भी नियमों का उल्लंघन दिखे तो 112 नंबर पर फोन कर इसकी जानकारी दे सकते हैं। वहीं अपने क्षेत्र के एसडीएम, नोडल अफसर और डीसी व निगम आयुक्त को भी इसकी सूचना दे सकते हैं ताकि संक्रमण की चेन को बढ़ने से रोका जा सके।
सहायता नंबर पर तेज हुई शिकायत
निगम की ओर से कोरोना महामारी के दौरान सहायता नंबर (हेल्पलाइन नंबर) जारी किया गया था। मरीजों की संख्या कम थी तो इस पर फोन व संदेश आने लगभग बंद हो गए थे लेकिन बुधवार व वीरवार को सहायता नंबर पर 50 से ज्यादा शिकायतें और लगभग 40 फोन कॉल आए। अब निगम की टीम फिर से अपने पुराने काम मे जुट गई है। वहीं अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक 159 कोरोना संक्रमितों को क्वारंटीन करने का संदेश मिल चुका था।