लोगों के उस समय होश उड़ गए, जब भरी अदालत में 16 साल के एक लड़के ने जज को मारने की धमकी दे डाली। घटना हरियाणा के सोनीपत का है। गन्नौर में भरी अदालत में न्यायाधीश को ही एक किशोर ने जान से मारने की धमकी दे डाली।
किशोर झगड़े के एक मामले में न्यायाधीश द्वारा उनके विरोधी पक्ष को बरी किए जाने के बाद भड़क गया था। इस मामले में न्यायाधीश की शिकायत पर गन्नौर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां उसे बाल सुधार गृह, अंबाला भिजवा दिया गया।
गांव मोई माजरी निवासी बीरमती का गांव के ही रामचंद्र पक्ष से लंबे समय से झगड़े का मामला चल रहा था। दोनों पक्षों की तरफ से वर्ष 2007 से गन्नौर अदालत में सुनवाई हो रही थी। बुधवार को एसडीजेएम अमित कुमार की अदालत में दोनों पक्षों की सुनवाई की।
सुनवाई के बाद न्यायाधीश अमित कुमार ने रामचंद्र पक्ष को बरी कर दिया। इस पर अदालत में मौजूद बीरमती का 16 वर्षीय बेटा भड़क गया। वह भरी अदालत में तैश में आ गया कि और एसडीजेएम अमित कुमार को जान से मारने की धमकी दे डाली। इस पर पुलिस ने किशोर को हिरासत में ले लिया।