18वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 25 से
- चैंपियनशिप में सभी राज्यों के 2000 दिव्यांग एथलीट लेंगे हिस्सा
- पांच दिनों तक चलने वाली पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप का सीएम करेंगे उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
पैरा ओलंपिक कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से 25 से 29 मार्च के दौरान सेक्टर-तीन स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर में 18वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2018 का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को अतिरिक्त उपायुक्त मुकुल कुमार की अध्यक्षता में चैंपियनशिप के सफल आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
पांच दिनों तक चलने वाली पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देशभर के सभी प्रदेशों के एथलीट हिस्सा लेंगे। अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए सभी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम से आग्रह करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ियों के ठहरने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करवाएं ताकि किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों के लिए व्हील चेयर, एंबुलेंस के साथ-साथ चैंपियनशिप के दौरान चिकित्सकों की व्यवस्था करें। एडीसी ने खेल परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती के भी निर्देश दिए हैं। नगर निगम की ओर से पीने के पानी और शौचालय की सुविधा मुहैया करवाने सहित साफ-सफाई का भी ध्यान रखा जाएगा। बैठक में एसडीएम पंकज सेतिया, नगराधीश ममता शर्मा, पैरालंपिक ऑफ इंडिया के उपप्रधान एसपी सांगवान, कमेटी के एथलेटिक्स चेयरमैन गिरराज सिंह, सीओ कैप्टन एस शमशाद, सुरेंद्र सिंह, कॉर्डिनेटर गौरव सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सीएम करेंगे उद्घाटन
पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के एथलेटिक्स चेयरमैन गिरराज सिंह ने बताया कि 25 मार्च को चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगे। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और खेल मंत्री अनिल विज इस आयोजन के विशिष्ट अतिथि होंगे। इस चैंपियनशिप में 2000 से अधिक दिव्यांग एथलीट और कोच भाग लेंगे।