चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के सीनेट के स्नातक वर्ग के चुनाव का रविवार को समापन हो गया। पीयू ने विभिन्न राज्यों के 61 केंद्रों पर स्नातक वर्ग के दूसरे चरण के मतदान का आयोजन करवाया था। पीयू की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार 14.24 प्रतिशत मतदान हुआ है। चुनाव के लिए चंडीगढ़ में एक ही जगह योग ट्रेनिंग कॉलेज-19 में बूथ बनाया गया था। मतदान करने के लिए बुजुर्ग भी केंद्रों पर पहुंचे।
सीनेट के स्नातक वर्ग के चुनाव के दूसरे चरण में 61 बूथों पर 73804 मतदाता थे। इसमें से विभिन्न बूथों पर 10,508 मतदाताओं ने मतदान किया। यह जानकारी पीयू की ओर से विभिन्न बूथों से टेलीफोन के जरिए मिली सूचना के आधार पर है। स्नातक वर्ग के मतदान की गिनती सोमवार दोपहर दो बजे से शुरू हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार एक बार गिनती शुरू होने के बाद दिन-रात चलती है। पहले चरण की गिनती के बाद ही कार्यकर्ता आराम कर सकेंगे और बाद में दूसरे चरण की गिनती शुरू होगी। कयास लगाए जा रहे है कि वीरवार तक स्नातक वर्ग का परिणाम जारी हो सकता है। हालांकि अभी तक आधिकारिक रूप से दिन की घोषणा नहीं की गई है। स्नातक वर्ग के चुनाव में पहले चरण में 211 बूथों पर 14.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
2500 मतों पर हो सकती है जीत दर्ज
पुराने उम्मीदवारों से बातचीत के अनुसार इस बार के मतदान के मुताबिक 2500 के करीब अगर किसी उम्मीदवार को वोट मिले हैं तो उसकी जीत सुनिश्चित है। हालांकि चुनाव खत्म होने के बाद से ही उम्मीदवारों ने मतों का जोड़-घटाव करना शुरू कर दिया है। उम्मीदवारों ने बताया कि खुशी इस बात की है कि सीनेट चुनाव अच्छे से पूरी प्रक्रिया के साथ आयोजित करवाए गए। जीतना-हारना इस बार अधिक मायने रखता था, पीयू का लोकतांत्रिक सिस्टम बचा रहे, इस बार हमने इसकी जंग लड़ी और सफल भी हुए। सीनेट गठित होते ही पीयू में रुके हुए कामों पर निर्णय लिया जाएगा।