पंजाब पुलिस ने आतंकियों और गैंगस्टरों पर नकेल कस दी है। 10 महीने में पुलिस ने 138 गैंगस्टर और 25 आतंकी मॉडयूल का पर्दाफाश किया, जबकि 503 गैंगस्टरों और 160 आतंकियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। आरोपियों से काफी मात्रा में हथियार और 24.46 किलो आरडीएक्स बरामद भी किया है।
यह दावा सोमवार को आईजी हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने सेक्टर-9 स्थित पंजाब पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान गैंगस्टरों से 106 वाहन और 481 हथियार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने पांच जुलाई 2022 से अब तक 915 व्यापारिक मामलों समेत 7999 केस दर्ज करके 1540 बड़े आरोपियों समेत 10576 नशा तस्करों को काबू किया है। वहीं, नशा प्रभावित इलाकों और संवेदनशील रूटों पर नाकाबंदी और तलाशी मुहिम चलाकर 529.53 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा पुलिस की टीमों ने गुजरात और महाराष्ट्र के बंदरगाहों से 147.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।
हेरोइन की कुल बरामदगी 677.03 किलो की गई है। वहीं, पुलिस ने राज्यभर से 424 किलो अफीम, 480.24 किलो गांजा, 255 क्विंटल भुक्की और 51.39 लाख का मेडिकल नशा बरामद किया है। नशा तस्करों के कब्जे से 10.03 करोड़ रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की है।
एक हफ्ते में 294 नशा तस्करों को दबोचा
गत एक सप्ताह में पुलिस ने 27 व्यापारिक मामलों समेत 231 केस दर्ज करके 294 नशा तस्करी से जुड़े लोगों को दबोचा है। उनके कब्जे से 33.60 किलोग्राम हेरोइन, 10.60 किलो अफीम, 12.75 किलो गांजा, 3 क्विंटल भुक्की, 37105 मेडिकल नशा की और 33.53 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की। 20 और भगोड़ों को काबू कर किया है। अब गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या 683 हो गई है।