सुनाम अनाज मंडी के पीछे मरा पड़ा सूअर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सुनाम अनाज मंडी के पीछे से गुजरने वाली सड़क (रेलवे लाइन के साथ) के किनारे पर गले सड़े मृत सूअर भारी तादाद में पड़े हैं। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग इससे खौफजदा हैं। पूरे प्रदेश में पहले ही स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट जारी है। मृत सूअरों के कारण चारों तरफ बदबू फैली है। लोगों का सड़क से गुजरना मुश्किल हो गया है।
अनाज मंडी परिसर में भी बदबू फैल गई है और यहां किसान, मजदूर, आढ़ती व अन्य व्यापारियों को भारी परेशानी आ रही है। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के जिला महासचिव दरबारा सिंह छाजला ने कहा कि उक्त मामला बेहद गंभीर है। आबादी से दूर मृत सूअरों को जमीन के नीचे दबाया जाना चाहिए। ऐसे हालात में तो कोई गंभीर बीमारी पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले सकती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिले में इतनी बड़ी लापरवाही किसी बड़ी चूक से कम नहीं है। अगर समय रहते कड़े कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में गंभीर संकट का सामना करना पड़ सकता है। अनाज मंडी परिसर के आसपास से गुजरना मुश्किल हो रहा है, यहां सांस लेने तक में दिक्कत आ रही है।
एसडीएम जसप्रीत सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी अभी मिली है। तुरंत ही नगर परिषद के ईओ को आदेश जारी कर शव उठवाए जाएंगे। यह गंभीर मामला है और तुरंत जरूरी कदम उठाए जाएंगे।