एक किलोमीटर दायरे के सभी स्कूल होंगे एक संस्था, हेड भी एक
नए निर्णय के तहत एक किलोमीटर के दायरे में व एक ही कैंपस में चल रहे प्राथमिक, मिडिल, हाई एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को एक स्कूल हेड के अंतर्गत चलाया जाएगा। बड़े स्कूल के अंतर्गत सभी विद्यालय मर्ज किए जाएंगे। इनकी समय सारिणी भी एक ही होगी। एक स्कूल कैंपस में यदि वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय है तो उस स्कूल में हाई, मिडिल व प्राथमिक विद्यालय मर्ज किए जाएंगे। अगर हाईस्कूल है तो मिडिल व प्राइमरी स्कूल हाई हेड के अंतर्गत पढ़ाई होगी। यदि मिडिल स्कूल है तो प्राइमरी स्कूल मिडिल स्कूल में समायोजित होंगे। हालांकि, स्कूल भवनों को सरपल्स नहीं घोषित किया जाना। इन आदेश से सरप्लस हुए ईएसएचएम व हेड टीचर इन स्कूलों में एक शिक्षक के रूप में शिक्षण कार्य करेंगे।
प्राइमरी स्कूल हेड का पद होगा खत्म, जेबीटी की पदोन्नति भी बाधित
हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष हरीओम राठी व प्रदेश कोषाध्यक्ष चतर सिंह व प्रदेश संरक्षक वीरेंद्र रुहिल ने स्कूलों को मर्ज करने का विरोध किया है। उनका कहना है कि सरकार के इस आदेश से प्रदेश के अधिकांश प्राइमरी स्कूलों में हेड टीचर का पद समाप्त हो गया है और जेबीटी शिक्षकों की कैडर की एकमात्र पदोन्नति भी सरकार व शिक्षा विभाग ने समाप्त कर दी है।
हरियाणा सरकार प्रदेश में शिक्षकों के हजारों पदों की नई भर्ती से पीछा छुड़ा कर शिक्षकों को पदोन्नति से वंचित कर उनके हितों पर कुठाराघात कर रही है। हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी की मीटिंग बुला कर इस फैसले के खिलाफ आंदोलन चलाने का निर्णय लिया जाएगा।