डीजीपी ने बताया कि यह सभी आरोपी विपिन जाखड़ के घर में छिपे थे। यह सूचना मिलने के बाद नई दिल्ली के गांव गोइला खुर्द में पंजाब पुलिस एसएसओसी मोहाली की टीमों ने द्वारका पुलिस के साथ मिलकर उनके ठिकानों पर छापेमारी की और सभी को गिरफ्तार कर लिया।
पंजाब से मिले हथियार
डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार आतंकियों से पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पंजाब में कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान आतंकियों के बताए ठिकानों से एक आईईडी और तीन हैंड ग्रेनेड मिले हैं। आरोपियों ने यह भी खुलासा किया है कि अर्श डल्ला ने स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली और पंजाब के इलाकों में अमन-शांति को भंग करने और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने का काम सौंपा था।
पांच दिन की रिमांड मिला
पुलिस ने गिरफ्तार सभी आतंकियों को मोहाली अदालत में पेश किया। अदालत से पुलिस ने पांच दिनों का रिमांड हासिल कर लिया है।
डल्ला को प्रत्यर्पित करने के प्रयास जारी
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस ने कनाडा में बैठे गैंगस्टर डल्ला को प्रत्यर्पित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही उसे भारत लाया जाएगा। अर्श डल्ला के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस मई 2022 में पहले ही जारी किया जा चुका है।