पंजाब में कोराना संक्रमण को लेकर हालात खराब होते जा रहे हैं। आठ दिन में संक्रमण की जद में 21 जिले पहुंच गए हैं। पटियाला कोरोना का केंद्र बन गया है। यहां 366 नए संक्रमित मिले हैं। मंगलवार को पंजाब भर में रिकॉर्ड 1027 कोरोना के नए मामले आए हैं और दो संक्रमितों की मौत हो गई है।
28 दिसंबर को सूबे के सिर्फ 11 जिलों में ही संक्रमण फैला था। संक्रमण की दर भी बढ़कर 6.49 प्रतिशत पहुंच गई है। सक्रिय मामलों में भारी बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में 2686 सक्रिय मामले पहुंच गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 16882174 लोगों के अब तक नमूने लिए जा चुके हैं, जिनमें 606927 में संक्रमण की पुष्टि हुई हो चुकी है। हालांकि अच्छी बात यह रही है कि अब तक सूबे के विभिन्न जिलों के अस्पतालों में 587588 संक्रमित ठीक हो चुके हैं।
16653 संक्रमितों की अब तक मौत हो चुकी है। 54 संक्रमितों को सांस लेने में परेशानी होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। 15 की हालत नाजुक होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सूबे में माइक्रो कंटेनमेंट जोन की संख्या 12 से बढ़ाकर 17 कर दी गई है।
पटियाला, पठानकोट में हालात ज्यादा खराब
संक्रमण को लेकर पटियाला और पठानकोट में हालात ज्यादा खराब हैं। पटियाला में 366 नए संक्रमित मिलने के साथ ही यहां की संक्रमण दर 15.43 प्रतिशत पहुंच गई है। पठानकोट में 88 नए संक्रमित मिले हैं, यहां की संक्रमण दर 17.36 प्रतिशत दर्ज की गई है।
पंजाब के प्रमुख जिलों में संक्रमण की स्थिति
- जिला नए संक्रमित संक्रमण दर (प्रतिशत में)
- पटियाला 366 15.43
- मोहाली 149 8.33
- लुधियाना 103 4.38
- पठानकोट 88 17.36
- जालंधर 85 5.58
- फतेहगढ़ साहिब 42 8.45
- अमृतसर 33 2.35
- बठिंडा 33 8.35