चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के रण में कुल 1031 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें 101 महिला उम्मीदवार और 930 पुरुष प्रत्याशी शामिल है, जबकि इस बार कुल 462 निर्दलीय उम्मीदवार है। इसमें 421 पुरुष और 41 महिला प्रत्याशी हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि 190 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया है और 338 के नामांकन रद्द हुए थे। बता दें कि 2019 विधानसभा चुनाव में 1169 प्रत्याशी थे। इसमें महिला उम्मीदवार 108 और पुरुष प्रत्याशी 1061 थे। इसमें निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या 377 थी, इनमें से सात निर्दलीय प्रत्याशियों को जीत मिली थी। वहीं, 358 उम्मीदवार अपनी जमानत तक नहीं बचा पाए थे। 2019 के विधानसभा चुनाव में कुल निर्दलीय प्रत्याशियों ने 9.71 प्रतिशत मत हासिल किया था, जो बहुजन समाजवादी पार्टी के 4.21 प्रतिशत और इंडियन नेशनल लोकदल के 2.44 प्रतिशत से ज्यादा थी।