फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मास्क नहीं पहनने पर चुकाना होगा 1000 रुपये जुर्माना, डिस्को-क्लब के समय में होगा बदलाव

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रशासन ने शहर में मास्क न पहनने पर जुर्माने की राशि 500 से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दी है। हालांकि, पहले जुर्माने की राशि को 2000 रुपये करने की चर्चाएं थीं। इसी बीच प्रशासन ने वीरवार को यह भी स्पष्ट कर दिया कि शहर में रात का कर्फ्यू नहीं लगेगा। हालांकि, देर रात तक चलने वाले डिस्कोथेक-क्लब आदि के समय में बदलाव किया जाएगा। इसे लेकर फैसला अगले वीरवार को होगा।
विज्ञापन

पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने वीरवार को ट्राइसिटी के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। बैठक में मास्क नहीं पहनने को लेकर फैसला लिया गया। प्रशासन ने जुर्माने की राशि को 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया है। प्रशासक ने प्रशासन के अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वह शादी-विवाह व अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में जाकर देखें कि वहां पर कोरोना के दिशा-निर्देशों का पालन हो रहा है या नहीं। अगर उन्हें नियमों की अनदेखी दिखती है, तो वह चालान करें। बदनौर ने कोविड-19 के दिशा-निर्देश का पालन करवाने और सख्ती बरतने के आदेश दिए हैं।
एक दिसंबर से खुलेंगे कोचिंग इस्टीट्यूट
शहर के विभिन्न सेक्टरों में स्थित कोचिंग इंस्टीट्यूट को प्रशासन ने एक दिसंबर से खोलने की इजाजत दे दी है। हालांकि, प्रशासन ने कहा है कि कोचिंग इंस्टीट्यूट के प्रबंधकों को कोविड-19 दिशा-निर्देश का सख्ती से पालन करना होगा। प्रशासन ने सुझाव दिया है इंस्टीट्यूट की तरफ से ऑनलाइन कक्षाओं को बढ़ावा दिया जाता रहेगा। प्रशासक ने अधिकारियों से कहा है कि सेक्टर-26 की मंडी, आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन, शहर के विभिन्न पार्क, सुखना लेक, रॉक गार्डन व विभिन्न मार्केट में ज्यादा से ज्यादा टीमें भेजें और जो लोग बिना मास्क के घूम रहे हैं, उनका चालान काटा जाए।
विज्ञापन

सुखना लेक और बाजारों में होगी कोरोना जांच
प्रशासक ने अधिकारियों को कोरोना वायरस की वैक्सीन के आने पर उसके वितरण व संभाल के लिए भी तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। बदनौर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि वह आईएसबीटी के अलावा सेक्टर-26 की मंडी, रेलवे स्टेशन, सुखना लेक, रॉक गार्डन व विभिन्न मार्केटों में भी शिविर लगाकर कोविड की जांच करें, ताकि संक्रमण का पता लग सके। प्रशासक ने शहरवासियों से अपील की है कि जब तक वैक्सीन नहीं आ जाती, तब तक मास्क ही कोरोना का इलाज है, इसलिए मास्क पहनने में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
जीएमसीएच में सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स और गायनी की ओपीडी शुरू
बैठक में पीजीआई के डायरेक्टर प्रोफेसर जगतराम भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि पीजीआई के नेहरू एक्सटेंशन में फिलहाल कोरोना वायरस के 105 गंभीर मरीज भर्ती हैं। इनमें से चंडीगढ़ के 39, पंजाब के 34 , हरियाणा के 21, हिमाचल प्रदेश के तीन और 8 अन्य राज्यों से संबंध रखते हैं। बताया कि पिछले एक हफ्ते में उनकी ओर से लिए गए 4,834 सैंपल में से 606 पॉजिटिव पाए गए हैं। पीजीआई की ओपीडी में करीब 900 मरीज और टेलीमेडिसिन के माध्यम से 1200 मरीजों का इलाज किया गया है। जीएमसीएच-32 की कार्यकारी निदेशक डॉ. जसविंदर कौर ने बताया कि एक हफ्ते में उनकी ओर से लिए गए 2680 कोरोनावायरस के सैंपल में से 165 पॉजिटिव पाए गए हैं। बताया कि 23 नवंबर से उन्होंने जीएमसीएच में सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स और गायनी की ओपीडी को शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ. अमनदीप कौर कंग ने बताया कि एक हफ्ते में उनकी ओर से लिए गए 13,687 कोरोना वायरस के सैंपल में से 1,131 पॉजिटिव पाए गए हैं। बताया कि शहर में डेंगू के इस वर्ष 229 मामले सामने आ चुके हैं। इसके लिए घर-घर जाकर जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें