चंडीगढ़। ऑडी कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की बुकिंग राशि ट्रांसफर करने का झांसा देकर कंपनी के कर्मचारी से 10 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। साइबर सेल मामले की जांच में जुट गई है।
सेक्टर-15 पंचकूला निवासी अरविंद राणा ने बताया कि वह औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित एक निजी कंपनी में काम करते हैं। पिछले कुछ समय से दीपक ग्रोवर नाम का व्यक्ति ऑडी ए-6 खरीदने के लिए लगातार उनके साथ मोबाइल पर संपर्क में था। 27 अप्रैल को दीपक ग्रोवर ने उन्हें कॉल कर कहा कि उसका ऑडी ए-6 कार लेना फाइनल हो गया है। दीपक ने कंपनी का अकाउंट नंबर मांगा और बुकिंग राशि ट्रांसफर करने की बात कही।
अरविंद ने दीपक को कंपनी का बैंक खाता नंबर भेज दिया। आरोपी ने सुबह 11.32 बजे 2 लाख रुपये ट्रांसफर करने का मैसेज उनके मोबाइल पर भेजा। साथ ही कहा कि उसकी गाड़ी बुक कर दो। दीपक ने कहा कि उसके यहां नेटवर्क की दिक्कत है, इसलिए हो सकता है पेमेंट रिफ्लेक्ट होने में कुछ समय लगे। कुछ समय बाद आरोपी ने फिर कॉल की और कहा कि उसे करेंसी में 10 हजार रुपये की जरूरत पड़ गई है, जिसे वह अगले दिन वापस कर देगा। पीड़ित ने भरोसे में आकर आरोपी को 10 हजार रुपये गूगल पे कर दिए। इसके बाद आरोपी ने फिर कॉल कर कहा कि अपना अकाउंट नंबर भेजो, मैं पैसे भेज रहा हूं। अरविंद ने उसे अकाउंट नंबर दे दिया। दोपहर 1.26 बजे आरोपी ने 25 हजार रुपये ट्रांसफर करने का एक मैसेज भेजा। इसके बाद कहा कि गलती से 15 हजार रुपये ज्यादा ट्रांसफर हो गए हैं इसलिए 15 हजार रुपये वह लौटा दे। जब पीड़ित ने चेक किया तो पता चला कि उसके अकाउंट में पैसे ट्रांसफर ही नहीं हुए और न ही कंपनी के खाते में कार की बुकिंग की दो लाख रुपये की राशि आई है। सिर्फ मैसेज ही आए हैं। पीड़ित ने जब अपने 10 हजार रुपये के लिए कॉल की तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच साइबर सेल को सौंप दी।