केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने रविवार को पंजाब के रेलवे स्टेशनों को दस एस्केलेटर और 17 लिफ्ट का तोहफा दिया। चंडीगढ़, लुधियाना, जालंधर सिटी और कैंट, अमृतसर और ब्यास स्टेशनों पर इनका निर्माण किया जाएगा। वहीं, 42 करोड़ रुपये से छेहरटा रेलवे स्टेशन पर कोचिंग व रख-रखाव की सुविधा विकसित की जाएगी।
प्रभु ने व्यस्त सड़कों पर ट्रैफिक कम करने को सीमित ऊंचाई के 37 सब-वे बनाने को मंजूरी दी है। ये पटियाला, फतेहगढ़ साहिब व लुधियाना जिलों में अंबाला-लुधियाना सेक्शन पर, संगरूर में जाखल-धूरी लाइन पर, मानसा-बठिंडा लाइन, करतार सिंह वाला-बठिंडा कैंट बाइपास, फिल्लौर-लोहियां खास लाइन, जालंधर-फिरोजपुर लाइन, बरनाला, फाजिल्का और सरहिंद-रोपड़ लाइन पर बनाए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने इन सुविधाओं के प्रभु का धन्यवाद किया है।
रेल मंत्री ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर चार परियोजनाओं सहित चार सुविधाओं को हरी झंडी दी। इनमें सोनीपत-जींद के बीच 81 किलोमीटर नई रेल लाइन, सोनीपत-जींद नई पैसेंजर रेलगाड़ी की शुरुआत, स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार और पांच पर फुटओवर ब्रिज, चंडीगढ़ में मैकेनाइज्ड लांड्री, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर वाटर वेंडिंग मशीन की सुविधा भी शामिल हैं।
इस दौरान उनके साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, पंजाब के खाद्य आपूर्ति मंत्री आदेश प्रताप सिंह कैरो, चंडीगढ़ के मेयर अरुण सूद, मोहाली के सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा, नार्दर्न रेलवे जीएम एके पुथिया, डीआरएम दिनेश कुमार सहित रेलवे के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।