पंजाब लोक कांग्रेस ने शुक्रवार को पार्टी के 10 जिला प्रधानों और तीन प्रवक्ताओं के नाम का एलान किया। पार्टी के महासचिव-संगठन इंचार्ज कमल सैनी के अनुसार, पिरथीपाल सिंह पाली, प्रिंस खुल्लर और संदीप गोरसी को प्रवक्ता नियुक्त किया है, जबकि जिला प्रधानों में लुधियाना शहरी के लिए जगमोहन शर्मा, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर) के लिए सतवीर सिंह पल्ली झिकी, फरीदकोट के लिए संदीप सिंह (सन्नी) बराड़, बठिंडा शहरी के लिए हरिंदर सिंह जोड़कियां, बठिंडा देहाती के लिए प्रो. भूपिंदर सिंह, फाजिल्का के लिए कैप्टन एमएस बेदी, लुधियाना देहाती के लिए सतविंदर सिंह सट्ठा, मानसा के लिए जीवन दास बावा, पटियाला शहरी के लिए केके मल्होत्रा और संगरूर के लिए नवदीप सिंह मोखा को नियुक्त किया है।
भाजपा और संयुक्त अकाली दल के साथ चुनाव लड़ेंगे कैप्टन
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भाजपा और संयुक्त अकाली दल के साथ विधानसभा चुनाव में उतरने की घोषणा की है। कैप्टन का कहना है कि उनकी पार्टी गठबंधन सहयोगियों के साथ मिलकर पंजाब में सरकार बनाएगी। जल्द ही कैप्टन की पार्टी पंजाब में सदस्यता अभियान शुरू करेगी। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने चंडीगढ़ के सेक्टर नौ में पंजाब लोक कांग्रेस का कार्यालय भी खोला है।
कांग्रेस से निकाले गए सभी लोगों को नहीं लूंगा
कुछ दिन पहले ही कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि उनकी पार्टी कांग्रेस से निकाले गए सभी लोगों को नहीं लेगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि आचार संहिता लागू होने बाद यह साफ हो जाएगा कि कांग्रेस को कितना समर्थन मिल रहा है। कैप्टन अमरिंदर सिंह का दावा है कि कई कांग्रेस के कई नेता उनके संपर्क में हैं। हालांकि उन्होंने कभी नाम का खुलासा नहीं किया।