उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय
- फोटो : logo
महिला सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन करने वाली उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की पासआउट महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। पुलिस विभाग ने मुक्त विवि से स्नातक होने की वजह से इनके आवेदन निरस्त कर दिए थे। अब मुख्यालय ने जांच करने के बाद डिग्री को सही पाया है।
जिले में इन दिनों महिला एसआई भर्ती के लिए आवेदन करने वाली महिला अभ्यर्थी बेहद परेशान थीं। उन्होंने उत्तराखंड मुक्त विवि से स्नातक के आधार पर भर्ती परीक्षा को आवेदन किया था।
महिला एसआई भर्ती परीक्षा में रिजेक्ट हो गए थे आवेदन
उनके पास कुछ दिन पहले एसएसपी की ओर से एक पत्र मिला, जिसमें लिखा था कि उनका स्नातक उत्तराखंड मुक्त विवि से होने की वजह से उनका आवेदन रिजेक्ट किया जाता है।
परेशान अभ्यर्थिनियों ने मुक्त विवि को भी इस बाबत अवगत कराया। विवि साफ कर चुका था कि उनकी डिग्रियां कानून बिल्कुल सही हैं। मामले की शिकायत होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने इसकी जांच कराई।
एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि मुख्यालय की जांच में मुक्त विवि की डिग्रियां वैध पाई गई हैं। लिहाजा, ऐसे सभी अभ्यर्थियों के आवेदन सही माने जाएंगे, जिन्होंने मुक्त विवि से स्नातक उत्तीर्ण किया हुआ है।