विश्वविद्यालयों व कॉलेजों में लेक्चररशिप व शोध कार्य के लिए जरूरी विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की अनिवार्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (नेट) व जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) की परीक्षा 10 जुलाई को होगी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से आयोजित इस परीक्षा के कार्यक्रम की घोषणा मंगलवार को कर दी गई। 12 अप्रैल से आवेदन करने की लाइन खुल जाएगी।
इस बार यह परीक्षा तय टाइम टेबल यानी जून के अंतिम रविवार के बजाए जुलाई माह के दूसरे रविवार को किया जाएगा। सीबीएसई अधिकारियों की मानें तो उस दौरान सीबीएसई की दूसरी जरूरी परीक्षाएं आयोजित कर रहा है। इस व्यस्तता को देखते हुए इस तारीख को आगे बढ़ाया गया है। आवेदन के लिए पूरे एक महीने का समय दिया गया है। आवेदन से लेकर फीस पेमेंट आदि सबकुछ ऑनलाइन होगा।
सीबीएसई से मिली जानकारी के अनुसार यूजीसी नेट व जेआरएफ जुलाई 2016 के लिए आगामी 12 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी जो कि 12 मई तक चलेगी। ऑनलाइन आवेदन के लिए www.cbsenet.nic.in पर लॉगइन करके किया जा सकता है।