शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाने की दिशा में आगे बढ़ते हुए दिल्ली सरकार अब चेंज मेकर्स इन एजुकेशनल फेलोशिप शुरू करने जा रही है। इस फेलोशिप के लिए एकेडमिक व प्रोफेशनल क्षेत्रों से जुड़े लगभग 54 फेलो का चयन किया जाएगा।
इन चयनित फेलो को राज्य शिक्षा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के साथ काम करने का अवसर मिलेगा। इन फेलो की भूमिका मुख्य कार्यक्रमों को लागू करने की होगी।
कैबिनेट ने शुक्रवार को 12 माह की अवधि के लिए प्रति माह 40 हजार रुपये की दर से 54 फेलो की नियुक्ति को अपनी मंजूरी दी है। दिल्ली सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में प्रिंसिपल लीडरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम, मेंटर टीचर प्रोग्राम, स्कूल मैनेजमेंट कमेटी, स्पेशल एजुकेशन एंड लर्निंग असेसमेंट प्रोग्राम जैसे प्रयास किए हैं।
अब सरकार का प्रयास ऐसे लोगों की तलाश करना है जो इन कार्यक्रमों के माध्यम से लंबे समय से चली आ रही चुनौतियों को दूर करने के लिए सृजनात्मक, रचनात्मक और नवीन संभावनाओं को लेकर आएंगे। फिलहाल इस फेलोशिप प्रोग्राम को न्यूनतम एक साल की अवधि के लिए तैयार किया गया है। बाद में इसे एक साल के लिए बढ़ाया भी जा सकता है।