दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) में शैक्षणिक सत्र 2016-17 में छात्रों की जेब पर डाका पड़ने वाला है, क्योंकि विश्वविद्यालय की एकेडमिक काउंसिल ने नए सत्र के लिए बीटेक, एमटेक, एमबीए, बीटेक इवनिंग और एमबीए एग्जीक्यूटिव में फीस बढ़ोतरी का प्रस्ताव पास कर दिया है।
बीटेक, एमटेक और एमबीए में फीस 99 हजार से सीधे 1.26 लाख करने का सुझाव है। खास बात यह है कि काउंसिल ने पहले, दूसरे, तीसरे व चौथे वर्ष में फीस बढ़ोतरी के लिए अलग-अलग स्लैब बनाए हैं। हालांकि, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर और दिल्ली सरकार इस फीस बढ़ोतरी पर आखिरी मोहर लगाएगी।
डीटीयू की एकेडमिक काउंसिल की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर सहमति बनी है। इसमें पीएचडी में छह छात्रों का अवार्ड के लिए चयन हुआ है, जबकि 55 का फोरमल रजिस्ट्रेशन के लिए सहमति बनी है। वहीं तीन छात्रों का पीएचडी से रजिस्ट्रेशन कट गया है। पीएचडी में विदेशी परीक्षक को अब दो की बजाय तीन सौ डालर दिए जाएंगे।
सामान्य वर्ग के छात्रों की फीस से वसूला जाएगा ईडब्ल्यूएस फंड
डीटीयू के इतिहास में पहली बार ईडब्ल्यूएस यानी आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों का फंड सामान्य वर्ग के छात्रों की फीस से प्रतिवर्ष वसूला जाएगा। अभी तक इस प्रकार का फंड छात्रों से नहीं लिया जाता था। छात्रों को ईडब्ल्यूएस कोटे के फंड के लिए प्रति वर्ष पांच-पांच हजार रुपये देने होंगे। वहीं एल्यूमनाई एसोसिएशन लाइफ मैंबरशिप रजिस्ट्रेशन फीस सिर्फ पहले साल एक हजार रुपये ली जाती थी।
अब नए नियम के तहत प्रति वर्ष एक-एक हजार रुपये ली जाएगी। अब छात्रों को फैसिल्टी एंड सर्विस चार्ज (रिसर्च, अवार्ड, ऑटोमेशन, फैसिल्टी) भी देना होगा। इसमें पहले वर्ष 20 हजार, दूसरे में 22 हजार, तीसरे में 24 हजार और चौथे वर्ष में 27 हजार रुपये देने होंगे।
एमटेक में फूड साइंस एंडप टेक्नोलाजी का नया प्रोग्राम
काउंसिल ने एमटेक में फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रोग्राम को शुरू करने पर सहमति दे दी है। हालांकि, विश्वविद्यालय ने नया कोर्स शुरू करने के लिए ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्रिकल एजुकेशन (एआईसीटीई) से सहमति नहीं ली है। विश्वविद्यालय जल्द ही एक प्रस्ताव बनाकर एआईसीटीई को भेजेगा।