अकादमिक सत्र 2016-17 में विभिन्न अकादमिक प्रोग्रामों (पीजी विभागों) में दाखिले के लिए आगामी 12 जून को हो रहे जम्मू यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (जेयूईटी) 2016 के लिए जम्मू विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को विवि प्रशासन ने एंट्रेंस के लिए वेबसाइट लांच की।
इसमें विद्यार्थियों को एंट्रेंस से जुड़ी सभी जानकारियां मिल सकेंगी। एंट्रेंस में क्वालीफाई करने वाले विद्यार्थियों को जम्मू विश्वविद्यालय, मुख्य कैंपस/आफसाइट कैंपस और मान्यता प्राप्त कालेजों में पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) प्रोग्राम, पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी, स्नातक) डिप्लोमा प्रोग्राम और अंडर ग्रेजुएट (यूजी, 12वीं,) प्रोग्राम में दाखिला मिलेगा।
इस दौरान कुलपति प्रो. आरडी शर्मा ने बताया कि एंट्रेंस परीक्षा के लिए नौ मई को आनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी और 23 मई तक आवेदन लिए जाएंगे। इसके अलावा अन्य तीन दिन 26 मई तक लेट फीस के साथ आवेदन लिए जाएंगे। परीक्षार्थी 31 मई से 12 जून तक आनलाइन एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा के अगले दिन 13 जून को उत्तर की, जारी की जाएगी।
16 जून तक शिकायतें दर्ज करवाने के बाद 21 जून को जेयूईटी के नतीजे घोषित किए जाएंगे। एंट्रेंस टेस्ट के लिए जम्मू के अलावा कठुआ, उधमपुर, किश्तवाड़, भद्रवाह, राजोरी, पुंछ, श्रीनगर और लेह में परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। टेस्ट में विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए सभी उचित कदम उठाए जा रहे हैं। विद्यार्थी आनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
एंट्रेंस के लिए बनाए गए मानदंड में एकेडमिक मेरिट 75 प्रतिशत और एंट्रेंस टेस्ट के 25 प्रतिशत अंक लेने वाले को दाखिला प्रक्रिया में मौका दिया जाएगा। एंट्रेंस में जनरल में तीस प्रतिशत और एससी/एसटी वर्ग में 25 प्रतिशत से कम अंक लेने वालों को दाखिला प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। जेयूईटी में हजारों विद्यार्थी बैठेंगे। इसमें एक एक सीट के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा रहती है।
बारहवीं और स्नातक के विद्यार्थियों के लिए दो सेट में प्रश्न पत्र होंगे। इसमें 150 अब्जेक्टिव टाइप प्रश्न होंगे और परीक्षा ढाई घंटे की होगी। निर्धारित तिथि को सुबह के सत्र में होने वाली इस परीक्षा में 40 प्रश्न जनरल अंग्रेजी, 40 रिजनिंग, 40 सामान्य ज्ञान और 30 प्रश्न न्यूमेरिकल एबिलिटी से आएंगे। परीक्षा में नेगेटिव मार्किगिं होंगी।