शिक्षा नियमावली की धारा 134ए के नाम पर बनाए जा रहे दबाव के विरोध में निजी स्कूलों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। सीबीएसई से मान्यता प्राप्त शहर के अधिकांश स्कूल सोमवार को बंद रहे।
हालांकि, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होते देख अब स्कूलों ने हड़ताल को लंबा न खींचने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही स्कूल संचालकों ने सरकार को चेतावनी भी दी है कि अगर जल्द ही कोई निर्णय नहीं लिया गया तो एक बार फिर स्कूल हड़ताल पर जा सकते हैं।
गौरतलब है कि शुक्रवार को सीबीएसई बोर्ड से संबंधित करीब 100 निजी स्कूलों ने शिक्षा नियमावली की धारा 134ए के विरोध में हड़ताल करने का निर्णय लिया था। हरियाणा प्रोग्रेसिव स्कूल कांफ्रेंस कि मांग थी कि धारा 134ए के तहत सरकार द्वारा आरक्षित 25 प्रतिशत सीटों पर गरीब बच्चों को दाखिला देने का दबाव न बनाएं।