जैन ग्वालियर के माधव इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालाजी एंड साइंस के निदेशक रहे हैं।
- फोटो : FILE
श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) कटड़ा के नए वाइस चांसलर प्रो. संजीव जैन होंगे। वे मंगलवार को कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के चांसलर तथा राज्यपाल एनएन वोहरा ने उन्हें कार्यभार संभालने की तिथि से तीन वर्ष के लिए वाइस चांसलर नियुक्त किया है। जैन ग्वालियर के माधव इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालाजी एंड साइंस के निदेशक रहे हैं।
प्रो. एसके जैन का वाइस चांसलर के रूप में कार्यकाल समाप्त हो जाने पर विशेषज्ञों के एक पैनल ने प्रो. संजीव जैन के नाम का सुझाव दिया था। भारत सरकार के वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. आर चिदंबरम की अध्यक्षता वाली कमेटी में एम्स के डायरेक्टर प्रो. एमसी मिश्रा, यूपीएससी के पूर्व चेयरमैन प्रो. डीपी अग्रवाल तथा सेंट्रल यूनिवर्सिटी जम्मू के पूर्व वाइस चांसलर डॉ. एसएस बलोरिया सदस्य थे।
प्रो. जैन का जन्म 1967 में मध्य प्रदेश के विदिशा में हुआ था। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से 1992 में कंप्यूटर साइंस में पीजी डिग्री हासिल की। बाद में उन्होंने कंप्यूटर साइंस में ही पीएचडी की। उन्हें 24 वर्षों का शोध तथा अध्यापन का लंबा अनुभव है। वे वर्ष 2010 से माधव इंस्टीट्यूट के निदेशक रहे हैं।