शहर के एक निजी स्कूल में पीटीआई द्वारा 11 साल की छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने और छेडख़ानी करने के मामले में हरियाणा मानव अधिकार आयोग (एचएचआरसी) ने संज्ञान लेते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. हनीफ कुरैशी को नोटिस भेजा है। पुलिस आयुक्त से 18 अप्रैल तक कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।
एचएचआरसी से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार हाल ही में सोहना रोड स्थित एक निजी स्कूल में पढने वाली 11 साल की मासूम बच्ची के साथ स्कूल के पीटीआई कन्हैया ने अश्लील हरकत की थी। बच्ची ने आपबीती बताई तो परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत दर्ज करने के बाद भी दोषी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। एफआईआर भी बड़ी मुश्किल से दर्ज हुई।
आयोग में शिकायत देने वाले वरुण श्योकंद ने बताया कि स्थानीय पुलिस दोषी को गिरफ्तार करने की बजाय पीड़ित पक्ष पर ही समझौते के लिए दबाव बना रही है। पीड़ित बच्ची और उसके छोटे भाई को स्कूल में बेइज्जत किया जा रहा है। जिस पर आयोग के सदस्य सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी जेएस अहलावत ने संज्ञान लेते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. हनीफ कुरैशी को 18 अप्रैल तक जबाव देने के लिए नोटिस जारी किया है।.