छात्रों को इग्नू में शिक्षा ग्रहण करने के लिए जेब ढीली करनी पड़ेगी।
- फोटो : Demo pic
देश के सबसे बड़े मुक्त विश्वविद्यालय इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) ने देशभर में परीक्षा फीस को दोगुना कर दिया है। इससे अब छात्रों को इग्नू में शिक्षा ग्रहण करने के लिए जेब ढीली करनी पड़ेगी।
देशभर में इग्नू सैकड़ों प्रोग्राम स्टडी सेंटर व स्पेशल स्टडी सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षित कर रहा है। देश में वर्तमान में 56 रीजनल सेंटर चल रहे है। हर एक रीजनल सेंटर के तहत दर्जनों स्टडी सेंटर से छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
अकेले हिमाचल के रीजनल सेंटर शिमला के तहत 48 स्टडी सेंटर के माध्यम से इग्नू मुक्त विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षित कर रहा है। लगभग एक दशक के बाद इग्नू ने परीक्षा फीस में बढ़ोतरी की है। पहले जहां एक कोर्स के लिए 60 रुपये फीस ली जाती थी।
वहीं, अब विश्वविद्यालय 120 रुपये परीक्षा फीस प्रति कोर्स वसूलेगा। बीए बैचलर डिग्री के लिए एक साल के लिए 300 रुपये फीस छात्रों को चुकानी पड़ती थी। अब बीए के छात्रों को 600 रुपये फीस अदा करनी होगी।