हिमाचल प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर शनिवार 14 मई को हिमाचल प्रदेश सामान्य प्रवेश परीक्षा (एचपीसीईटी-2017) लेगी। यूनिवर्सिटी ने प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के रोलनंबर तथा एडमिट कार्ड यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं।
वेबसाइट पर रोलनंबर तथा परीक्षा केंद्र की जानकारी न मिलने पर अभ्यर्थी बैंक चालान स्लिप के आधार पर भी प्रवेश परीक्षा में भाग ले सकते हैं। यूनिवर्सिटी ने एडमिट कार्ड के बिना भी परीक्षा में बैठने की सुविधा दी है। अभ्यर्थियों को अपने साथ पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और बैंक चालान की रसीद परीक्षा केंद्र में लानी होगी।
टेक्निकल यूनिवर्सिटी के अधीन प्रदेश भर में करीब चार दर्जन महाविद्यालय चल रहे हैं। इनमें इंजीनियरिंग, फार्मेसी, एमबीए और एमसीए सहित अन्य तकनीकी कोर्स करवाए जा रहे हैं। इन महाविद्यालयों में प्रवेश परीक्षा के आधार पर प्रवेश मिलता है। इंजीनियरिंग में प्रवेश के लिए जेईई नेशनल स्तर की परीक्षा और एचपीसीईटी में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश मिलता है। इस बार दोनों परीक्षाओं के लिए 50-50 फीसदी सीटें आरक्षित रखी गई हैं।
इन केंद्रों पर होगी प्रवेश परीक्षा
टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने रावमा पाठशाला धर्मशाला, वैष्णो कॉलेज नूरपुर, केएलबी पालमपुर, डिग्री कॉलेज बिलासपुर, डीएवी बणीखेत चंबा, गौतम कॉलेज हमीरपुर, आईटीआई शमशी कुल्लू, सिरडा कॉलेज सुंदरनगर, बेल्स कॉलेज शिमला, हिमालयन कॉलेज नाहन, एलआर सोलन, डिग्री कॉलेज ऊना, हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी नालागढ़ समेत कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए हैं।
एचपीसीईटी-2016 14 मई को प्रदेश के 13 परीक्षा केंद्रों में होगा। एडमिट कार्ड और रोलनंबर न मिलने पर अभ्यर्थी बैंक चालान की कॉपी भी दे सकते हैं।- प्रो. वीपी पटियाल, परीक्षा नियंत्रक, टेक्निकल यूनिवर्सिटी