परीक्षाओं के दौरान सूने पड़े खेल मैदानों में फिर से रौनक लगने लगी है। युवा अपने मनपसंद खेल का अभ्यास करने के लिए खेल मैदानों में पहुंचने लगे है। जिला खेल विभाग ने भी लड़कियों के लिए सोमवार से 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू कर दिया है, जिसमें वे क्रिकेट की बारीकियां सीख रही हैं।
राजा नाहर सिंह क्रिकेट स्टेडियम में पहले ही दिन लड़कियों ने शिविर में दिलचस्पी दिखाई। 50 लड़कियों ने शिविर में भाग लेकर क्रिकेट के गुर सीखे। खेल विभाग के अधिकारियों को उम्मीद है कि मंगलवार से लड़कियों की संख्या प्रशिक्षण शिविर में और बढ़ेगी। विभाग की ओर से यह 10वां शिविर है।
सराय ख्वाजा, ओल्ड फरीरदाबाद, बल्लभगढ़ व एनआइटी क्षेत्र से आई 50 लड़कियों ने शिविर में भाग लिया। जिला खेल अधिकारी सुनील भारद्वाज व जिला क्रिकेट कोच राजकुमार शर्मा ने लड़कियों को क्रिकेट की तकनीक व बारीकियां सिखाईं।
सभी लड़कियों में प्रशिक्षण शिविर को लेकर बेहद जोश दिखाई दिया। उन्होंने गंभीरता से क्रिकेट की बारीकियां सीखीं, इस दौरान उन्हें सबसे पहले अनुशासन में रहने के बारे में बताया गया।
इस बार शिविर में सबसे छोटी नौ साल की दीपिका भी भाग ले रही है। दीपिका अंडर-19 आयु वर्ग में बेहतर खिलाड़ी है। वह बल्लेबाजी, क्षेत्ररक्षण और स्पिन गेंदबाजी करने में माहिर है। बीसीसीआई की ओर से पिछले साल दिल्ली में लगे अंडर-19 आयु वर्ग के प्रशिक्षण शिविर में भी दीपिका हिस्सा ले चुकी है।