सुप्रीम कोर्ट के फैसले और केंद्र सरकार के अध्यादेश लाने के बाद केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड एमबीबीएस व बीडीएस में प्रवेश केलिए होने वाली नेशनल एलिजिबिलिटी कम एट्रेंस टेस्ट (नीट) दो के लिए बृहस्पतिवार (26 मई) से ऑनलाइन आवेदन की लाइन खोल देगी।
सीबीएसई के मुताबिक इसमें राज्यों के पास विकल्प है कि वह इसमें शामिल होना चाहते हैं या नहीं। नीट-2 की परीक्षा 24 जुलाई कोहोगी।सीबीएसई की ओर से जारी सूचना में उन छात्रों के लिए अच्छी खबर है, जिनकी परीक्षा छूट गई थी। नीट वन में जिनका पेपर ठीक नहीं हुुआ है, वह दोबारा परीक्षा देना चाहते हैं, उनके दरवाजे खुल गए हैं।
सीबीएसई के मुताबिक वह सभी छात्र जिनका पेपर खराब हुआ है, जो आवेदन करने के बाद भी परीक्षा देने से वंचित रह गए या वे जो कि आवेदन ही नहीं कर पाए सभी तरह के छात्र नीट-2 में शामिल हो सकते हैं। आवेदन सिर्फ ऑनलाइन लिया जाएगा।
हालांकि वह छात्र जो पहले नीट परीक्षा के दौरान रजिस्ट्रेशन कराने के बाद भी नीट-2 में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें सीबीएसई को एक अंडरटेकिंग देना होगा। छात्र जो इस इसके लिए आवेदन करना चाहते हैं, वह वेबसाइट www.aimpt.nic.in पर जाकर नीट 2 का सिलेबस और क्राइटेरिया देख सकते हैं।