एलयू में जल्द ही शुरू होगा बीपीएड कोर्स
- फोटो : demo pic
तीन साल के बाद लखनऊ विश्वविद्यालय में एक बार फिर से बीपीएड की पढ़ाई होगी। आगामी सत्र से इस कोर्स में प्रवेश लिए जाएंगे। मालूम हो कि विवि में 2013-14 से बीपीएड में प्रवेश नहीं लिए गए।
दरअसल, विवि में बीपीएड कोर्स में मानकों को पूरा न करने का आरोप लगाते हुए नेशनल काउंसिल फॉर टीचर्स एजुकेशन (एनसीटीई) में शिकायत की गई थी। इसके बाद एनसीटीई ने इस पर रोक लगा दी। इस मामले में लंबी लड़ाई के बाद 2015 में एनसीटीई ने विवि में बीपीएड की मान्यता को फिर रिवाइव कर दिया।
मगर, यह मान्यता 2016-17 से दी। हालांकि, विवि ने एनसीटीई से 2015 से प्रवेश की अनुमति मांगी, लेकिन इस प्रक्रिया में देरी के चलते 2015 में भी प्रवेश नहीं हो सके। मगर, इस बार बीपीएड प्रवेश का रास्ता साफ है।
विवि में जब कोर्स बंद हुआ तो बीपीएड की 50 सीटें हुआ करती थीं, लेकिन आगामी सत्र से इसमें 100 सीटें होंगी। शारीरिक शिक्षा विभाग के समन्वयक डॉ. नीरज जैन ने बताया कि एनसीटीई ने कोर्स का समय एक साल से बढ़ाकर दो साल करने के साथ ही बीपीएड का सेक्शन 50 की जगह 100 स्टूडेंट्स का कर दिया है।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष देरी के चलते बीपीएड के प्रवेश प्रभावित हुए थे। इसीलिए इस बार अप्रैल से ही आवेदन प्रक्रिया शुरू करने पर विचार हो रहा है। इसके लिए जल्द ही कुलपति से अनुमति ली जाएगी।