एचपीयू के वीसी प्रो. एडीएन वाजपेयी ने साफ कर दिया है कि छात्र संघ चुनाव बहाल नहीं होंगे। सात छात्रों का निष्कासन बरकरार रहेगा। रूसा को भी रोल बैक करने का सवाल नहीं बनता। यूजी के रुके परिणामों को विवि जल्द घोषित करेगा। विश्वविद्यालय में छात्रों की समस्याओं को लेकर चल रहे क्रमिक अनशन को समाप्त करवाने के लिए कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी ने मंगलवार को छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
इसमें कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। कुलपति ने एसएफआई की ओर से सौंपे गए 44 सूत्रीय मांग पत्र पर चरचा की। एबीवीपी और एनएसयूआई की ओर से उठाई गई मांगों पर भी चरचा की। मांगों को पूरा किए जाने का भरोसा देकर परिसर में 13 दिन से चल रहे क्रमिक अनशन को समाप्त करने को कहा। बढ़ाई फीस को कम करने और फीस पर बनी हाई पॉवर कमेटी की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग पर कहा गया कि यह कार्यकारी परिषद के कार्य क्षेत्र में आता है।
शिक्षकों और गैर शिक्षकों के रिक्त पदों को भरे जाने के मामले में कहा गया कि भर्ती प्रक्रिया चल रही है, कुछ भर्ती कर भी दी गई है। कुलपति ने कहा कि छात्रों के लिए नई बस खरीदे जाने के लिए पहले ही बजट स्वीकृत कर दिया गया है, परिसर में जल्द वाई फाई सुविधा शुरू करने का कुलपति ने भरोसा दिया, जिसके लिए बजट स्वीकृत कर दिया है।
वहीं प्रशासन ने कहा कि स्मार्ट क्लास रूम के लिए सभी विभागों को बजट दे दिया गया है, कार्य चल रहा है, छात्रावासों की मरम्मत, खेल मैदान, इंडौर खेल परिसर निर्माण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं विवि ने परिसर में साफ सफाई के कार्य को आउटसोर्स कर एक निजी संस्था को सौंप दिया है। विवि प्रशासन ने छात्र संगठनों से कहा कि छात्रावास जिम की स्थिति को सुधारा जाएगा, लड़कियों के छात्रावासों में एमआई रूम निर्माण की संभावनाओं पर कार्य किया जाएगा। वहीं परिसर में सार्वजनिक शौचालय की मांग को पूरा कर दिया गया है।
बैठक में एसएफआई की ओर से इकाई अध्यक्ष नोवल ठाकुर, नितिश, एबीवीपी की ओर से प्रदीप और अंकित, एनएसयूआई इकाई अध्यक्ष हुक्म सिंह और खेम राज मौजूद रहे। विवि की डीएस प्रो. गिरीजा शर्मा, डीएसडब्ल्यू प्रो. संजीव कुमार महाजन, डीन सीडीसी प्रो. एसएस चौहान, कुलसचिव डॉ. पंकज ललित, एससीए अध्यक्ष मंजुला बिष्ट, जन संपर्क अधिकारी डां. रणवीर वर्मा भी मौजूद रहे।
जमीनी स्तर पर सुधार पर रुकेगा आंदोलन : नोवल
एसएफआई की विवि इकाई अध्यक्ष नोवल ठाकुर ने कहा कि जब तक जमीनी स्तर पर सुधार नजर नहीं आता, विवि जो कार्य कर रहा है, उससे छात्रों को सुविधाएं मिलना शुरू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।