जब पैसे की तुरंत जरूरत होती है तो लोग एक साथ कई बैंकों में लोन का आवेदन कर देते हैं ताकि पैसा कहीं से भी मिल जाए। ऐसा लोग इसलिए करते हैं कि लोन रिजेक्शन कम-से-कम हो, लेकिन इससे बचना चाहिए। पर्सनल लोन के लिए एक साथ कई बैंकों में आवेदन करते समय आवेदन प्रभावित हो सकता है क्योंकि सभी प्रमुख वित्तीय संस्थान सिबिल स्कोर से क्रेडिट स्कोर जांचते हैं। ज्यादा बैंक के पास जाने से यह संदेश जाएगा कि आपको पर्सनल लोन की सख्त जरूरत है। इससे आपके क्रेडिट स्कोर को नुकसान पहुंचेगा।
सुरक्षित कर्ज के लिए ये सावधानी जरूरी
- ग्राहकों को कभी भी केवाईसी दस्तावेजों की प्रति बगैर पहचान वाले व्यक्ति, अपुष्ट/अनाधिकृत एप को नहीं देना चाहिए। ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के लिए ऐसे एप व बैंक खाते की सूचना सचेत पोर्टल के माध्यम से संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों को देनी चाहिए।
- सभी डिजिटल लेंडिंग मंच उस बैंक या एनबीएफसी का खुलासा ग्राहकों के सामने करते हैं, जिनके जरिये वे लोन देने का वादे करते हैं।
- आरबीआई की वेबसाइट में पंजीकृत एनबीएफसी का नाम और पता देख सकते हैं। पोर्टल से इकाइयों के खिलाफ शिकायत कर सकते हैं।
- नए ग्राहक को लोन आवेदन से पहले फिनटेक की जानकारी एकत्र करनी चाहिए। खासकर पुनर्भुगतान के तरीके और शुल्क के बारे में।
एप डाउनलोड से पहले जुटाएं जानकारी
फर्जीवाड़ा करने वाले फिनटेक ग्राहकों की व्यक्तिगत-वित्तीय जानकारियों का गलत इस्तेमाल करते हैं। एप के जरिये फोन या लैपटॉप से बैंकिंग जानकारियां चुरा लेते हैं। इसलिए एप डाउनलोड से पहले उसके बारे में जानकारी जरूर जुटाएं।
जोश में आकर न करें जल्दबाजी
पहली बार लोन आवेदन करने वाले ग्राहक जोश में रहते हैं, इसलिए वे बिना रिसर्च व्यक्तिगत जानकारी किसी भी एप से साझा कर देते हैं, जो वित्तीय सेहत के लिए खतरनाक है। ऐसे में गैर-पंजीकृत एप और फटाफट लोन देने वाले या कम अथवा बिना शुल्क लोन की पेशकश करने वाले फिनटेक से दूर रहना ही बेहतर है। -अनिल पिनापला, सीईओ, विविफाई इंडिया फाइनेंस