बिड़ला समूह की कंपनी सेंचुरी टेक्सटाइल्स एंड इंडस्ट्रीज अब रियल एस्टेट कारोबार पर ज्यादा ध्यान देगी। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के दौरान रियल एस्टेट क्षेत्र में जारी मौजूदा परियोजनाओं और नई परियोजनाओं के लिए 1,000 करोड़ रुपये का पूंजी व्यय तय किया है। कंपनी की परियोजनाओं में सुपर प्रीमियम वोरली प्रोजैक्ट भी शामिल है।
तीन अलग-अलग क्षेत्रों में कारोबार करती है कंपनी
सेंचुरी टेक्सटाइल्स एंड इंडस्ट्रीज तीन अलग-अलग क्षेत्रों में कारोबार करती है। कंपनी की कागज और लुगदी, रियल्टी और पेपर टिश्यू के क्षेत्र में अलग-अलग इकाइयां हैं। उसके कुल कारोबार में 70 फीसदी से अधिक योगदान कागज और लुगदी व्यवसाय का होता है। बहरहाल, अब कंपनी रियल एस्टेट की तरफ अधिक ध्यान देने जा रही है।
इन शहरों में रियल्टी परियोजनाओं पर गौर कर रही कंपनी
एवी बिड़ला समूह की कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कंपनी के अन्य दो कारोबारों के मुकाबले रियल एस्टेट क्षेत्र का पूंजी व्यय नौ गुणा अधिक है। सेंचुरी टेक्सटाइल्स ने 2016 में बिड़ला एस्टेट्स नाम से रियल एस्टेट कारोबार शुरू किया। उसके पास जमीन की अच्छी उपलब्धता है, इस लिहाज से जमीन की लागत के मामले में वह अधिक आकर्षक स्थिति में है खासकर जिन शहरों में उसका ध्यान है वहां इसका लाभ उठा सकती है। कंपनी मुंबई, उसके आसपास के इलाकों, दिल्ली एनसीआर, बंगलूरू और पुणे में रियल्टी परियोजनाओं पर गौर कर रही है।
सेंचुरी टेक्सटाइल्स के प्रबंध निदेशक जेसी लाढा ने कहा कि, 'इस वित्त वर्ष में बिड़ला एस्टेट के लिए हमने 1,000 करोड़ रुपये का पूंजी व्यय रखा है। हमारा रियल एस्टेट क्षेत्र पर अधिक ध्यान रहेगा और अगले तीन से पांच साल में हम इस क्षेत्र के शीर्ष पांच खिलाड़ियों में शामिल होना चाहते हैं।' कंपनी के कुल कारोबार में 70 फीसदी से अधिक का योगदान रखने वाले कागज और लुग्दी व्यवसाय में इसके मुकाबले केवल 100 करोड़ रुपये का पूंजी व्यय रखा गया है और वह भी नियमित रूप से होने वाले प्रौद्योगिकी उन्नयन कार्यों के लिए। उन्होंने कहा कि पेपर टिश्यू व्यवसाय में पर्याप्त स्थापित क्षमता मौजूद है।
वित्त वर्ष 2020- 21 में कुल 2,567 करोड़ रुपये का कारोबार
समूह का वित्त वर्ष 2020- 21 में कुल 2,567 करोड़ रुपये का कारोबार रहा है। इसमें से कागज और लुग्दी व्यवसाय का हिस्सा 70 फीसदी से अधिक, कपड़ा कारोबार का 25 फीसदी और शेष पांच फीसदी यानी करीब 125 करोड़ रुपये का कारोबार रियल्टी क्षेत्र से रहा है। यह मुख्य तौर पर मुंबई स्थित संपत्ति के किराए से कंपनी को प्राप्त हुआ।
सेंचुरी टेक्सटाइल्स ब्रिटिश साम्राज्य के समय 1897 में एक कपड़ा कंपनी के तौर पर स्थापित हुई थी। बिड़ला परिवार ने इसे 1951 में खरीदा। उसके बाद से कंपनी 1994 से तीन बार बड़े पुनर्गठन के दौर से गुजर चुकी है।