क्या आप उन लोगों में शामिल हैं, जो सोचते हैं कि स्वास्थ्य बीमा केवल बूढ़ों और बीमार लोगों के लिए होता है? क्या आपने कभी सोचा है कि अस्पताल के अप्रत्याशित खर्च के बीच कई बीमारियों के लिए बीमा कवर वरदान साबित हो सकता है और आपके सारे तनाव को दूर कर सकता है ?
देर रात तक काम करना, खाने की खराब आदतें, कोई व्यायाम ना करना और अत्यधिक तनाव, ये कारक किसी भी सेहतमंद व्यक्ति को चंद पलों में बीमार करने के लिए पर्याप्त हैं। इन स्थितियों से सुरक्षित होने के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना में निवेश करना फायदेमंद है।
यह हैरानी की बात नहीं है कि हम खुद को सुरक्षित करने की बजाए चीजें इकट्ठा करने पर ज्यादा धन व्यय करते हैं। हम खुद को आखिर में रखने का फैसला करते हैं, जबकि आवश्यकता खुद को पहले रखने की है। हमें निश्चित रूप से पता है कि घर और कार की मरम्मत बेहद महंगी हो सकती है, लेकिन क्या आपने कभी विचार किया है कि किसी अशुभ दुर्घटना होने की दशा में आप खुद की मरम्मत कैसे कराएंगे? खुद को सुरक्षेत रखने के लिए स्वास्थ्य बीमा अति आवश्यक है।
गंभीर बीमारी की हालत में चिकित्सा खर्च में मदद के लिए स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी खरीदें। इसके साथ ही गंभीर बीमारियों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सालाना स्वास्थ्य जांच और अन्य जांच कराएं, जिससे उनका समय रहते इलाज हो सके। जरूरी है कि आर शुरू से ही सावधानी बरतें और अगर चूक हो भी जाए, तो स्वास्थ्य बीमा की मदद लें।
स्वास्थ्य बीमा आज के समय में विशेष रूप से चिकित्सा आपातकालीन स्थिति में महत्वपूर्ण है। एक स्वास्थ्य बीमा अस्पताल में भर्ती होने के खर्चे, डॉक्टर की फीस और दवा के खर्चे को कवर कर सकती है। मनुष्य बहुत आशावादी होते हैं। हम हमेशा मानते हैं कि हमारा आने वाला कल खुश, अधिक समृद्ध और बेहतर होगा लेकिन वास्तव में कल किसने देखा है? भारतीयों को स्वास्थ्य बीमा खरीदने की आवश्यकता है क्योंकि हम अपने आहार, अस्वस्थ जीवन शैली, बढ़ते तनाव और बढ़ते शहरीकरण के कारण मोटापा और हृदय रोग जैसी जोखिम बीमारियों के लिए अति संवेदनशील हैं।
भारत का स्वास्थ्य देखभाल खर्च पिछले कुछ वर्षों में आसमान छू गया है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) की रिपोर्ट कहती है कि भारतीय अपने स्वास्थ्य खर्च का लगभग 70 फीसदी अपनी जेब से देते हैं। अनपेक्षित चिकित्सा मजबूरियों से एक परिवार का बजट बिगाड़ सकता है, यही कारण है कि स्वास्थ्य बीमा जल्दी खरीदना महत्वपूर्ण है।
हेल्थ केयर प्लान खरीदने से आपको न सिर्फ गंभीर बीमारियों के लिए कवरेज मिलेगा, बल्कि इसके तहत लोगों को कैशलेस क्लेम बेनिफिट भी मिलता है, इतना ही नहीं, इसके तहत आपको कर लाभ भी मिलता है।
आम तौर पर युवाओं को लगता है कि वे बहुत स्वस्थ हैं, वे व्यायाम करना पसंद करते हैं, अच्छा भोजन करते हैं और उनमें कोई बुरी आदतें नहीं हैं एवं धूम्रपान और शराब पीने जैसे काम वे सीमित रूप से करते हैं इसलिए उन्हें स्वास्थ्य बीमा की आवश्यकता नहीं है। लेकिन सच्चाई यह है कि, जब तक आपको कोई चिकित्सा समस्या नहीं है, तब तक जल्द से जल्द स्वास्थ्य बीमा लेना बेहतर है। इससे व्यक्ति को जीवन में बाद में पॉलिसी खरीदने के मुकाबले कम प्रीमियम पर एक व्यापक कवर प्राप्त करने में मदद मिलती है।
इसके साथ ही आपको बता दें कि स्वास्थ्य बीमा खरीदने का खर्च उम्र के साथ बढ़ता जाता है, क्योंकि बढ़ती उम्र के साथ विभिन्न बीमारियों की संभावना पॉलिसी को जटिल बनाती हैं और प्रीमियम बढ़ा सकती हैं। जीवन की शुरुआत में स्वास्थ्य बीमा खरीदने का एक अन्य कारण क्युमुलेटिव बोनस का लाभ उठाना है। एक बूढ़े व्यक्ति की तुलना में एक युवा की क्लेम फाइल करने की संभावना कम है। इस तरह का क्युमुलेटिव बोनस बीमित राशि के 50 फीसदी से अधिक हो सकता है, जिसका अर्थ है कि आपकी बीमा राशि मूल बीमा राशि का 150 फीसदी होगी। जबकि आप बीमा राशि के केवल 100 फीसदी के लिए प्रीमियम का भुगतान करते हैं। ये केवल कुछ कारण हैं कि स्वास्थ्य बीमा को जीवन में बाद की बजाय पहले ही खरीदा जाना चाहिए।
इस संदर्भ में आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के संजय दत्ता का कहना है कि लोगों को स्वास्थ्य बीमा को एक ठोस दीर्घकालिक निवेश के रूप में देखना शुरू करना होगा, जो आपके मानसिक और वित्तीय स्वास्थ्य के लिए अच्छा रिटर्न देता है। एक पर्याप्त स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी मन की शांति प्रदान करती है, आपातकालीन स्थिति के दौरान मजबूती प्रदान करती है, और वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करती है। हालांकि, कई लोग स्वास्थ्य बीमा कवर तब खरीदते हैं जब वे स्वास्थ्य समस्याओं का अनुभव करना शुरू करते हैं और तब तक बहुत देर हो जाती है। हमारे देश में स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार बढ़ती कीमतों के साथ, और बीमारियों के बढ़ते मामलों के साथ, आज स्वास्थ्य बीमा एक आवश्यकता है।