नौकरीपेशा लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। अब आपको हर काम के लिए ईपीएफओ की वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए ईपीएफओ की तरफ से एक खास ऐप लॉन्च किया गया है।
इस ऐप के जरिए आप अपने पीएफ अकाउंट की सारी जानकारी हासिल कर सकेंगे। इस ऐप को श्रम मंत्री बंडारू दत्तात्रेय ने बुधवार को हैदराबाद में हुई सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज की 208वीं मीटिंग में लॉन्च किया।
इस ऐप की मदद से 3.54 करोड़ सब्सक्राइबर, 49.22 लाख पेंशनभोगी और 6.1 लाख नियोक्ताओं को फायदा पहुंचेगा।
कुल 3 सेवाएं हुईं लॉन्च
इस ऐप्लिकेशन के अलावा दो अन्य सेवाएं भी लॉन्च की गईं। इन सेवाओं में पहली सुविधा है एसएमएस के जरिए यूनिवर्सल अकाउंट नंबर का एक्टिवेशन करना और दूसरी सुविधा है मिस्ड कॉल के जरिए अकाउंट की जानकारी प्राप्त करना।
इस नए ऐप को ईपीएफओ की वेबसाइट से डाउनलोड करने के बाद सदस्य इसकी मदद से अपना यूएएन अकाउंट एक्टिवेट कर सकते हैं। साथ ही हर महीने अकाउंट में की जमा और निकासी के बारे में भी जान सकते हैं।
पेंशनर और नियोक्ताओं को भी फायदा
जिस तरह नौकरीपेशा लोग इस ऐप की मदद से अपने अकाउंट में जमा होने वाली राशि के बारे में जान सकते हैं, ठीक उसी प्रकार पेंशनभोगी लोग इस ऐप की मदद से अपने पेंशन की सारी जानकारी ले सकते हैं।
वहीं दूसरी ओर, नियोक्ता भी इस ऐप का इस्तेमाल करके जान सकते हैं कि कब उनके किस कर्मचारी के अकाउंट में कितने पैसे ट्रांसफर किए गए हैं।
लॉन्च की गई नई एसएमएस सेवा के जरिए 7738299899 पर मैसेज करके अकाउंट को एक्टिवेट किया जा सकता है। जैसे ही यूएएन एक्टिवेट हो जाएगा तो सदस्य क्रेडिट अलर्ट और पासबुक देखने जैसी सभी सेवाओं का लाभ ले सकेगा।
एसएमएस सेवा से उन सदस्यों को फायदा होगा, जिनकी इंटरनेट या स्मार्टफोन तक पहुंच नहीं है।
मिस्ड कॉल सेवा
मिस्ड कॉल सेवा के तहत एक नंबर जारी किया गया है, जिस पर मिस्ड कॉल करके कोई भी व्यक्ति अपने अकाउंट की सारी जानकारी प्राप्त कर सकता है। हालांकि, यह सेवा का लाभ सिर्फ यूएएन सदस्य ही पा सकेंगे।
दत्तात्रेय ने कहा कि लगभग 1.80 करोड़ यूएएन पहले ही एक्टिवेट हो चुके हैं। 58.72 लाख यूएएन आधार कार्ड से लिंक हो चुके हैं।