रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से मान्यता मिलने के बाद डिजिटल ट्रांजेक्शन की सुविधा देने वाला पेटीएम, पेमेंट्स बैंक बन गया है। अब पेटीएम में भी देश के तमाम बैंकों की तरह बचत खाता खुलेगा, पैसे जमा होंगे और ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड-डेबिट कार्ड दिया जाएगा। धीरे-धीरे पेटीएम का एटीएम भी खुलेगा।
पेटीएम के ऑफिस में एटीएम भी लग गया है। कंपनी की योजना 1 साल में देश भर में 31 ब्रांच और 3,000 ग्राहक सेवा केंद्र खोलने की है। बैंक के लॉन्चिंग के मौके पर ग्राहकों को कैशबैक भी दिया जा रहा है।
पेटीएम बैंक में 25,000 रुपये जमा करने पर 250 रुपये का कैशबैक मिल रहा है। 23 मई से सभी पेटीएम वॉलेट पेटीएम पेमेंट्स बैंक में बदल गए हैं। ऐसे में आपके वॉलेट में मौजूद पैसे का क्या होगा? ये सवाल आपके दिमाग में जरूर आ रहा होगा। आपके पेटीएम वॉलेट में मौजूद रकम पेटीएम पेमेंट बैंक में भी दिखाई देगी, लेकिन उसके ऊपर आपको ब्याज नहीं मिलेगा।
पेटीएम पेमेंट बैंक के आ जाने के बाद अब तीन पेमेंट बैंक बाजार में मौजूद हैं। जिसमें एयरटेल पेमेंट बैंक, इंडियापोस्ट पेमेंट बैंक और पेटीएम पेमेंट बैंक है। ऐसे में जानिए कौन सा पेमेंट बैंक दे रहा है आपको बेहतर सुविधाएं।
पेटीएम पेमेंट बैंक की खासियतें
पेटीएम के पेमेंट बैंक में पैसा जमा करने पर अब आपको 4 प्रतिशत का ब्याज मिलेगा। इसमें न्यूनतम पैसा रखने की कोई जरूरत नहीं है, यानि की 0 बैलेंस पर भी आप अपने खाते को मैनेज कर सकते हैं।
इस पेमेंट बैंक के जरिए पैसा ट्रांसफर करने पर कोई चार्ज नहीं लगेगा। इसके अलावा डेविट कार्ड सब्सक्रिप्शन फीस के तौर पर आपको महज 100 रुपये सालाना देने पड़ेंगे।
इस पेमेंट पैंमेंट बैंक के जरिए आप मेट्रो सिटीज में 3 जबकि नॉन-मेट्रो सिटीज में 5 फ्री ट्रांजेक्शन की सुविधा मिलेगी। इसके बाद प्रत्येक ट्रांजेक्शन के लिए आपको 20 रूपये का भुगतान हर कैश विड्रॉ के लिए करना होगा।
इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के ऑफर
इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक आपके खाते में मौजूद राशि पर 5.50 प्रतिशत ब्याज की सुविधा दे रहा है। ब्रांच के जरिए ट्रांजेक्शन करने की स्थिति में आपको 4 फ्री ट्रांजेक्शन की सुविधा मिलेगी।
एटीएम ट्रांजेक्शन के मामले में पंजाब नेशनल बैंक औऱ इंडिया पोस्ट के एटीएम से पैसे निकालने पर आपको किसी भी तरह की फीस नहीं चुकानी होगी। वहीं दूसरे बैंकों के एटीएम इस्तेमाल करने पर मेट्रो सिटीज में 3 ट्रांजेक्शन, जबकि नॉन-मेट्रो सिटीज में 5 ट्रांजेक्शन की सुविधा मिलेगी। इसके बाद आपको हर ट्रांजेक्शन के लिए 20 रूपये फीस के तौर पर देने होंगे।
छह महीन के भीतर एकाउंट को बंद करने पर 250 रूपये का भुगतान करना होगा। जबकि ऑनलाइन फंड ट्रांसफर के लिए 2.50 से 5.00 रू IMPS और NEFT इस्तेमाल करने पर चुकाने होंगे। घर पर एटीएम की सुविधा लेने के लिए पैसे निकालने की रकम पर 15 से 35 रुपये तक का भुगतान करना पड़ेगा।
एयरटेल पेमेंट बैंक के ऑफर
> मौजूदा तीनों पेमेंट्स बैंक की तुलना में एयरटेल पेमेंट बैंक सबसे ज्यादा 7.25 प्रतिशत ब्याज की सुविधा दे रहा है।
> कैश विड्रॉ करने पर 0.65 फीसदी की फीस पेमेंट बैंक यूजर को चुकानी पड़ती है।
> इसके अलावा दूसरे बैंक में ऑनलाइन फ्रंड ट्रांसफर के लिए आपको 0.5 प्रतिशत की फीस का भुगतान करना होता है।
> पहले कैश डिपॉजिट के लिए आपको 100 रुपये न्यूनतम जमा करने होंगे।