फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Walmart-Flipkart डील से पहले इनकम टैक्स ने भेजा नोटिस, मांगी अमेरिकी रिटेलर से यह जानकारी

Wed, 09 May 2018 12:23 PM IST
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन

ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट को अमेरिकी रिटेलर कंपनी वॉलमार्ट द्वारा आधिकारिक तौर पर खरीदने से पहले इनकम टैक्स विभाग ने नोटिस भेजा है। विभाग ने अमेरिकी रिटेलर कंपनी के भारत में स्थित ऑफिस को नोटिस भेजकर इस डील के बारे में जानकारी मांगी है। इसके साथ ही कंपनी को भारत के टैक्स कानूनों से भी अवगत कराया है। 

विज्ञापन


फ्लिपकार्ट को भी भेजा नोटिस
विभाग ने फ्लिपकार्ट के बंगलूरू ऑफिस से भी प्रस्तावित सौदे के बारे में बताने के लिए कहा है। गौरतलब है कि इस प्रस्तावित मर्जर के बारे में बुधवार को घोषणा की जाएगी। 

डील की घोषणा की तैयारी शुरू
देश में यह सबसे बड़े सौदे में से एक होगा। उम्मीद है कि बुधवार को निवेशकों के साथ समझौता करने के साथ ही इसकी घोषणा होगी। इसी में तय होगा कि कौन निवेशक कितना हिस्सा रखेंगे और कौन अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचेंगे। फ्लिपकार्ट के सूत्रों के मुताबिक वॉलमार्ट का वरिष्ठ प्रबंधन बेंगलूरु के लिए रवाना हो चुका है। फ्लिपकार्ट के संस्थापक सचिन बंसल और बिन्नी बंसल के साथ कंपनी के मुख्य कार्याधिकारी कल्याण कृष्णमूर्ति के साथ सौदे की घोषणा से पहले बैठक होगी।
विज्ञापन


कंपनी के सूत्रों ने बताया, 'वॉलमार्ट इंक के मुख्य कार्याधिकारी कार्ल डगलस मैकमिलन, वॉलमार्ट इंटरनैशनल के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्याकधिकारी जे मैककेन और वॉलमार्ट ई-कॉमर्स के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्याधिकारी मार्क लोरे बैठक में शामिल होने के लिए आ रहे हैं। वे यहां सप्ताहांत तक रहेंगे। इस दौरान वे कंपनी के परिचालन का मुआयना और कर्मचारियों के साथ बैठक करेंगे।'

विज्ञापन

वॉलमार्ट के मुखिया करेंगे कर्मचारियों को संबोधित

फ्लिपकार्ट के कर्मचारियों की बैठक शुक्रवार को बंगलूरू कार्यालय में हो सकती है। उम्मीद की जा रही है कि मैकमिलन कंपनी के कर्मचारियों को संबोधित करेंगे। इस मौके पर फ्लिपकार्ट के शीर्ष प्रबंधन और संस्थापक भी मौजूद रहेंगे।

कर्मचारियों का कहना है कि सौदे की घोषणा लंबे समय से चली आ रही अटकलों और अमेजॉन द्वारा अधिग्रहण के प्रयास के बाद होने जा रही है। सूत्रों ने कहा कि सौदे की प्रक्रिया पूरी होने तक वॉलमार्ट के अधिकारी समय-समय पर यहां आते रहेंगे।  

फ्लिपकार्ट में करीब 15 अरब डॉलर में बहुमत हिस्सेदारी खरीदने का वॉलमार्ट सौदा लगभग आखिरी चरण में पहुंच गया है। घटनाक्रम की सीधी जानकारी रखने वाले सूत्रों ने कहा कि अब किसी भी दिन अधिग्रहण की घोषणा हो सकती है। इस अधिग्रहण में फ्लिपकार्ट के कुछ सबसे बड़े निवेशक कंपनी में अपनी हिस्सेदारी घटाएंगे। कथित तौर पर जापान की सॉफ्टबैंक ग्रुप कॉर्प और टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट अपनी लगभग पूरी हिस्सेदारी बेच सकती है। दोनों की कंपनी में 20-20 फीसदी हिस्सेदारी है।

सूत्रों के मुताबिक वालमार्ट 60-80 फीसदी हिस्सेदारी फ्लिपकार्ट में खरीद सकती है और इस अधिग्रहण के बाद फ्लिपकार्ट का मूल्य करीब 20 अरब डॉलर का हो सकता है। शोध संस्थान सीबी इनसाइट्स के मुताबिक पिछले साल कंपनी का मूल्य 12 अरब डॉलर था। इस अधिग्रहण से वॉलमार्ट को अपनी वैश्विक प्रतिस्पर्धी अमेजॉन से मुकाबला करने की अतिरिक्त शक्ति मिलेगी। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें