विमान सेवा कंपनी इंडिगो शनिवार से हवाई अड्डे के काउंटरों पर चेक-इन कराने के इच्छुक यात्रियों से 100 रुपये सेवा शुल्क वसूल करेगी। कंपनी ने यह जानकारी दी है। बता दें कि कि उड्डयन मंत्रालय ने मई में कोरोना वायरस के मद्देनजर यात्रियों के लिये वेब चेक-इन अनिवार्य कर दी थी, ताकि लोगों को हवाई अड्डों पर चीजों को छूना न पड़े।
बयान में कहा गया है, 'इंडिगो ने हवाई अड्डों पर चेक-इन कराने वालों से 100 रुपये सेवा शुल्क वसूलने का फैसला किया है, जो 17 अक्तूबर 2020 से प्रभावी होगा। बयान में कहा गया है कि हम यात्रियों को सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार हमारी वेबसाइट और मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर वेब चेक-इन कराने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। हवाई अड्डे पर चेक-इन कराने के लिये 17 अक्टूबर 2020 से 100 रुपये सेवा शुल्क वसूला जाएगा।