वैश्विक स्तर पर कीमतें घटने से अप्रैल में भारत का पाम तेल आयात सालाना आधार पर 34.11 फीसदी बढ़कर 6.84 लाख टन पहुंच गया। सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) ने मंगलवार को कहा, अप्रैल में भारत के कुल 13,04,409 टन खाद्य तेल आयात में पाम तेल की हिस्सेदारी 52 फीसदी रही। इसमें सूरजमुखी और सोयाबीन तेल का आयात 6,20,315 टन था। गैर-खाद्य तेलों सहित कुल वनस्पति तेल आयात पिछले महीने 26 फीसदी बढ़कर 13,18,528 टन पर पहुंच गया। यह एक साल पहले की समान अवधि में 10,50,189 टन था।
वायदा व विकल्प कारोबार में बेलगाम तेजी चिंता का विषय
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने खुदरा निवेशकों को आगाह किया कि जोखिम भरे वायदा एवं विकल्प (एफएंडओ) कारोबार में आने और इसमें ‘बेलगाम तेजी’ भविष्य में परिवारों की जमा-पूंजी के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती हैं। उन्होंने मंगलवार को बीएसई में एक कार्यक्रम में कहा, एफएंडओ खंड में खुदरा कारोबार में कोई भी बेलगाम तेजी न सिर्फ बाजार के लिए बल्कि निवेशकों की भावनाओं को लेकर भी आने वाले समय में समस्याएं पैदा कर सकती है। बाजार नियामक सेबी के एक अध्ययन के मुताबिक, 10 में से नौ खुदरा निवेशकों को एफएंडओ कारोबार में नुकसान होता है।
2023-24 में 8 फीसदी रहेगी विकास दरः मूडीज
मूडीज रेटिंग्स ने मंगलवार को कहा, 2023-24 में भारत की वृद्धि दर 8 फीसदी रहने का अनुमान है। 2024-25 में विकास दर 6.6 फीसदी रह सकती है। इस तेज वृद्धि से एनबीएफसी में मजबूत ऋण वृद्धि होगी, जिससे उनकी लाभप्रदता को समर्थन मिल सकता है।
क्वालिटी के पूर्व प्रवर्तक पर पांच लाख का जुर्माना
बाजार नियामक सेबी ने भेदिया कारोबार नियमों के उल्लंघन को लेकर मंगलवार को डेयरी कंपनी क्वालिटी लि. के पूर्व प्रवर्तक संजय ढींगरा पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही, उन्हें छह महीने के लिए प्रतिभूति बाजार से प्रतिबंधित कर दिया।
भारती एयरटेल का शुद्ध लाभ 31 फीसदी घटा
नाइजीरियाई मुद्रा नायरा में अवमूल्यन से दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल का एकीकृत शुद्ध लाभ बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 31 फीसदी घटकर 2,072 करोड़ रुपये रह गया। परिचालन राजस्व 4.4 फीसदी बढ़कर 37,599.1 करोड़ रुपये पहुंच गया।