महंगाई बढ़ने की संभावना।
- फोटो : अमर उजाला
# फरवरी 2021 के बाद पहली बार थोक महंगाई खुदरा महंगाई दर से कम
फरवरी 2021 के बाद पहली बार थोक मुद्रास्फीति (WPI) खुदरा मुद्रास्फीति (CPI) से कम रही है। उस समय थोक मुद्रास्फीति 4.83 प्रतिशत और खुदरा मुद्रास्फीति 5.03 प्रतिशत थी। नवंबर में डब्ल्यूपीआई मुद्रास्फीति में तेज गिरावट का कारण डब्ल्यूपीआई टोकरी के तीन प्रमुख कमोडिटी समूहों में से दो की कीमतों में क्रमिक रूप से गिरना था। नवंबर में महीने में खाद्य मुद्रास्फीति (Food Inflation) 22 महीने के निचले स्तर 2.17 प्रतिशत पर आ गई। यह अक्तूबर महीने के 6.48 प्रतिशत का लगभग एक तिहाई रह गया है। मासिक आधार पर इसमें 1.8 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसके अलावे निर्माण क्षेत्र के उत्पादों के मामले में थोक महंगाई दर 4.42 प्रतिशत से घटकर 3.59 प्रतिशत पर आ गई है। अक्तूबर महीने की तुलना में इसमें 0.3 प्रतिशत की नरमी आई है।
# ईंधन और ऊर्जा क्षेत्र की थोक महंगाई में भी बड़ी राहत
निर्माण क्षेत्र के उत्पादों की महंगाई में नरमी अहम है क्योंकि डब्ल्यूपीआई बास्केट में इसकी हिस्सेदारी लगभग दो तिहाई है। ईंधन और ऊर्जा क्षेत्र की थोक महंगाई में बड़ी गिरावट आई दर्ज की गई है। यह अक्तूबर महीने की 23.17 की तुलना में फिसलकर 17.35 अंकों पर पहुंच गई है। क्रमिक आधार पर इस सूचकांक में 2.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। डब्ल्यूपीआई के ऑल कॉमोडिटी सेगमेंट में नवंबर महीने में 0.3 महीने की गिरावट दर्ज की गई है। खुदरा महंगाई दर और थोक महंगाई दर में आई इस गिरावट का पॉलिसी निर्धारकों का समर्थन मिलेगा। आरबीआई ने रेपो रेट में 225 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी के साथ इसे 6.25 प्रतिशत कर दिया है।
# अक्तूबर महीने से पहले लगातार 18 महीने दहाई अंकों में थी थोक महंगाई दर
बता दें कि अक्तूबर महीने में थोक मुद्रास्फीति 8.39 प्रतिशत तक गिरने से पहले 18 महीने दहाई अंकों में रही थी। सीपीआई मुद्रास्फीति लगातार 38 महीनों के लिए 4 प्रतिशत के मध्यम अवधि के लक्ष्य से ऊपर रहा। केंद्रीय बैंक खुदरा महंगाई दर लगातार तीन तिमाहियों के दौरान 2 से 6 प्रतिशत की सहिष्णुता सीमा के भीतर रखने में असफल रहा था। ऐसे में महंगाई के ताजा आंकड़े राहत देने वाले हो सकते हैं। केंद्रीय बैंक की मौद्रिक नीति समिति की अगली बैठक 6-8 फरवरी को होने वाली है। अर्थशास्त्रियों की राय है कि दर सेटिंग पैनल इस दौरान रेपो रेट में फिलहाल अंतिम वृद्धि का फैसला कर सकता है।