अदाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अदाणी ने बुधवार को मुंबई में एक निजी समारोह मे शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन के दौरान अपने बचपन को याद किया। अहमदाबाद के एक सामान्य परिवार में जन्म लेने वाले और वर्तमान में दिग्गज कारोबारी गौतम अदाणी ने इस दौरान व्यापार के उन मंत्रों के बारे में बात करते हैं जिन्होंने उन्हें सफल होने में मदद की है।
शुरुआती दिनों को किया याद
निजी समारोह में बोलते हुए गौतम अदाणी ने बताया कि उनकी परवरिश दो जगहों बनासकांठा के रेगिस्तान और अहमदाबाद के चॉल में हुई। उन्होंने कहा कि रेगिस्तान से हम बहुत कुछ सीख सकते हैं कि कैसे जीवन अपने बंजर रूप में हमें अपने तरीके से अनुकूलन करने के लिए मजबूर करता है। गौतम अदाणी ने कहा कि बनासकांठा की चिलचिलाती गर्मी और धूल भरी हवा ने मुझे लचीलापन सिखाया। उन्होंने कहा कि रिश्तों, मानवता और किसी जरूरतमंद की मदद करने की भावनाएं मेरे जीवन के अनुभव से मुझे मिली हैं। उन्होंने कहा कि मेरे माता-पिता ने मुझे हमेशा प्रभावित किया है।
मुंबई एक अनोखी जगह- गौतम अदाणी
अपने संबोधन में गौतम अदाणी ने बताया कि उन्होंने मुंबई में हीरे के कारोबार में चार साल तक काम किया। उन्होंने कहा कि मुंबई एक अनोखी जगह है। यह एक ऐसा शहर है जहां हर दिल की धड़कन गूंजती है। वास्तव में मुंबई ने मुझे बड़ा सोचने और बड़े सपने देखना सिखाया। आगे उन्होंने कहा कि इसके बाद, जब मैं 19 साल का होने वाला था और मुंबई में बसने वाला था, मेरे जीवन में एक अप्रत्याशित मोड़ आया। मेरे बड़े भाई ने एक छोटे पैमाने की पीवीसी फिल्म फैक्ट्री चलाने में सहायता करने के लिए मुझे वापस अहमदाबाद बुलाया। हमने अहमदाबाद के पास अपनी फैक्ट्री डाली। गौतम अदाणी ने बताया कि तब भारी आयात प्रतिबंधों के कारण कच्चे माल की कमी रहती थी। यह व्यवसाय के लिए काफी चुनौतीपूर्ण था। इस चुनौती ने मेरे अगले बड़े सबक के लिए आधार तैयार किया।
व्यापार में सफलता हासिल करने के मंत्र भी बताए
इस दौरान अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने उन मंत्रों के बारे में भी बात की, जिन्होंने उन्हें सफल होने में मदद की। अदाणी समूह के चेयरमैन ने कहा कि व्यापार एक मानसिक लड़ाई है। यह बाजार में बैठे अपने प्रतिद्वंदियों के साथ भी होती है और स्वयं के साथ भी। उन्होंने कहा कि हर हानि एक सबक सिखाती है और प्रत्येक लाभ हमें और लाभ कमाने का ज्ञान प्रदान करता है। यह मंत्र हमेशा मेरे साथ रहा है।
सरकार की सराहना की
निजी कार्यक्रम में बोलते हुए गौतम अदाणी ने वर्तमान केंद्र सरकार की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि जैसा कि मैंने आज कहा है, बदलाव की नींव हमेशा सरकारी नीति से शुरू होती है। ऐसे में मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि दुनिया की कोई भी सरकार किसी देश को इस तरह से बदलने में सक्षम नहीं है। हमारी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में कई दूरदर्शी नीतियों के जरिए हमें वैश्विक विकास में सबसे आगे खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब हम विश्वव्यापी आर्थिक विस्तार में 16% का प्रभावशाली योगदान दे रहे हैं। यह एक रिकॉर्ड है। मुझे उम्मीद है कि हम बार-बार टूटते रहेंगे।
आगे उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय बैंकिंग प्रणाली का लाभ उठाकर और क्रेडिट रेटिंग में सुधार करके, अदाणी समूह ने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया है, जबकि अन्य कंपनियां संघर्ष कर रही हैं।