बाजार से जुड़े विश्लेषकों का मानना है कि चूंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी चुनावी यात्रा में जाने से पहले ही देश में सौर ऊर्जा सेक्टर में भारी निवेश करने का वादा किया था, माना जा रहा है कि अगले बजट में इन सेक्टरों को प्रमुखता मिल सकती है।
सरकार इन सेक्टरों में काम करने वाली कंपनियों को बढ़ावा देने का रुख अपना सकती है। इससे सौर ऊर्जा और मूलभूत ढांचे के क्षेत्र में जुड़ी कंपनियों के कारोबार और निवेश में तेजी आ सकती है। यही कारण है कि इन सेक्टरों में काम करने वाली कंपनियों के शेयर खरीदारों की पहली पसंद बने हुए हैं। तमाम राजनीतिक वाद-विवाद के बाद भी दो प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में लगातार तेजी देखी जा रही है। इन कंपनियों की दूसरे सेक्टर में काम करने वाली सहयोगी कंपनियों के शेयरों में भी तेजी देखी जा रही है।
त्योहारों से बाजार होगा गुलजार
अगले महीने 19 अगस्त को रक्षाबंधन है। इसके साथ ही भारतीय समाज में त्योहारों की शुरुआत हो जाएगी। यह क्रम नववर्ष तक चलता रहता है। भारतीय बाजार विश्लेषकों का अनुमान है कि इस साल त्योहारी सीजन के दौरान कार, दोपहिया, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, मोबाइल और कपड़ा सहित एफएमसीजी उत्पादों की खपत में दस से बीस फीसदी तक की बढ़ोतरी हो सकती है। यही कारण है कि इन सेक्टरों में काम करने वाली कंपनियों को इसका तेज मुनाफा हो सकता है। यह बढ़ोतरी पूरी दुनिया के बाजारों में देखे जा रहे अपेक्षाकृत ठहराव से बिलकुल उलट है। यही कारण है कि विदेशी कंपनियां भी भारतीय बाजारों में ही अपना उद्धार होता देख रही हैं।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वर्तमान संसद सत्र की दूसरी पारी में बजट पेश कर सकती हैं। इससे संबंधित तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। नए बजट में रोजगार पैदा करने वाले सेक्टरों के साथ-साथ कल्याणकारी योजनाओं के निवेश में भी तेजी देखी जा सकती है।