घरेलू शेयर बाजार के ऑल टाइम हाई पर पहुंचने का सिलसिला मंथली एक्सपायरी के दिन भी जारी रहा। हफ्ते के तीसरे करोबारी दिन सेंसेक्स 371.95 (0.51%) अंकों की बढ़त के साथ पहली बार 72,410.38 अंकों के लेवल पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर, निफ्टी 123.96 (0.57%) अंकों की मजबूती के साथ पहली बार 21,778.70 अंकों पर पहुंचकर बंद होने में सफल रहा। सोमवार को शेयर बाजार में क्रिसमस की छुट्टी के कारण कारोबार नहीं हुआ था।
गुरुवार के कारोबारी सेशन के दौरान सबसे ज्यादा खरीदारी ऑटो, एफएमसीजी, फार्मा, मेटल और पीएसयू बैंकिंग शेयरों में दिखा। वहीं आईटी सेक्टर के शेयरों में इस दौरान बिकवाली दिखी। इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 701 अंकों की उछाल के साथ पहली बार 72,038 के स्तर पर पहुंचा था।
अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में गुरुवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 17 पैसे की बढ़त के साथ 83.17 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट तथा विदेशी कोषों के ताजा निवेश से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स और निफ्टी गुरुवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए। कारोबारियों के अनुसार ऊर्जा, धातु और एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में भारी खरीदारी से बाजार में तेजी आई।
गुरुवार के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 445.91 अंक या 0.61 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72,484.34 अंक के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा। दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का एनएसई निफ्टी कारोबार के दौरान यह 146.7 अंक या 0.67 प्रतिशत की बढ़त के साथ 21,801.45 अंक के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा। गुरुवार को बेंचमार्क सूचकांक ने अपनी बढ़त बनाए रखी। लाल सागर के मुद्दे पर सकारात्मक प्रगति और एफआईआई प्रवाह में बदलाव के कारण बाजार फिर नई ऊंचाई पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमत 80 डॉलर से नीचे आने से तेल और ऊर्जा कंपनियों के शेयरों में भी व्यापक खरीदारी दिखी।